Meerut News: कमिश्नर, डीआईजी, एसएसपी समेत आला अधिकारियों ने शिवरात्रि पर जलाभिषेक की तैयारियों का जायजा लिया। औघड़नाथ मंदिर क्षेत्र में पार्किंग से लेकर सुरक्षा तक के इंतजाम देखे।
बाबा औघड़नाथ मंदिर में कांवड़ मेले की तैयारियों के संबंध में कमिश्नर ऋषिकेश भास्कर यशोद ने पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों और मंदिर समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। मंदिर और मेला क्षेत्र का भ्रमण कर तैयारियों को परखा। डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि इस बार दो हजार कैमरों से मंदिर के आसपास के क्षेत्र पर नजर रखी जाएगी। कुल पांच हजार कैमरों से जोन में संपूर्ण कांवड़ यात्रा पुलिस की निगरानी में होगी।
विज्ञापन
दंडवत कांवड़ लेकर आता शिवभक्त।
- फोटो : अमर उजाला
डीआईजी कलानिधि नैथानी, एसएसपी, एडीएम सिटी, एसपी ट्रैफिक सहित नगर निगम, छावनी परिषद, विद्युत निगम के अधिकारियों ने औघड़नाथ मंदिर के अंदर और बाहर आसपास के क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान कमिश्नर ने छावनी परिषद और नगर निगम को मंदिर के आसपास सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने के साथ पार्किंग व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के लिए निर्देशित किया।
बैठक में मंदिर समिति अध्यक्ष सतीश सिंघल ने बताया कि मंदिर में कांवड़िये और श्रद्धालु गरुड़ द्वार से प्रवेश करेंगे और गर्भ गृह में शिवलिंग पर अभिषेक के बाद नंदी द्वार से बाहर आएंगे। जलाभिषेक के लिए लोटे और जल की व्यवस्था की जाती है। नंदी द्वार के बाहर सड़क के दूसरी तरफ प्रशासनिक भवन, खोया पाया केंद्र और जूता घर बनाया जाता है। इसके अलावा बैरिकेडिंग, मंदिर में लगाए जाने वाले स्वास्थ्य शिविरों के बारे में बताया।
कमिश्नर ने निरीक्षण के दौरान कैंट बोर्ड सहित सभी विभागों को को सफाई व्यवस्था, जल आपूर्ति, विद्युत आपूर्ति के साथ विद्युत खंबों पन्नी लगाना, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, आदि के संबंध में आदेशित किया। पुलिस अधिकारियों ने खुफिया विभाग और एलआईयू को भी मेले के दौरान सक्रिय रहने के लिए आदेशित किया। इस दौरान मंदिर समिति की तरफ से ब्रजभूषण, सचिन सिंघल, अमरीश अग्रवाल, अतुल अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
नैंसी चौराहा और दर्शन एकेडमी के बाहर पार्किंग
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया मंदिर के प्रथम तल पर कंट्रोल रूम बनाया जाएगा। नैंसी चौराहा, वेस्ट एंड रोड शनि बालाजी मंदिर और मिलिट्री अस्पताल मार्ग से श्रद्धालु मंदिर में आते हैं। दर्शन और जलाभिषेक के लिए आने वाले यात्रियों के नैंसी चौराहा और दर्शन एकेडमी के बाहर पार्किंग बनाई जाएगी।
अफसर भी पार्किंग में खड़े करके आएं वाहन : मंदिर समिति
मंदिर समिति की तरफ से अध्यक्ष सतीश सिंघल ने आग्रह किया गया पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी अपने वाहनों को पार्किंग में खड़ा करके मेले में आएं। ऐसे में मंदिर के बाहर जाम की समस्या से बचा जा सकता है और बेहतर व्यवस्था बनेगी। समिति अध्यक्ष सतीश सिंघल ने बताया कि शनिवार सुबह 10:30 बजे दोबारा प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारियों की मंदिर में बैठक होगी।