आधुनिक युग में सोशल मीडिया अपनों से जुड़े रहने का सबसे बड़ा माध्यम है। लेकिन, कहीं न कहीं सोशल मीडिया के आने से रिश्ते भी दरक रहें हैं। बात कांवड़ यात्रा की हो तो वर्तमान में डिजिटल युग की बात ना करना बेईमानी होगी। कांवड़ यात्रा का अब सोशल मीडिया गहरा संबंध हो गया है।
हरिद्वार, ऋषिकेश, गंगोत्री आदि स्थानों से गंगाजल लेकर आने वाले शिवभक्त पहले सादगी और बिना सोशल मीडिया का सहारा लिए अपनी यात्रा पूरी करते थे, लेकिन इस वर्ष कांवड़ियों में सोशल मीडिया का क्रेज ज्यादा देखने को मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 21 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
कांवड़िये अपनी यात्रा की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहें हैं, साथ ही लाइव आकर अपने परिजनों, रिश्तेदारों, दोस्तों को भी यात्रा से अभिभूत कर रहें हैं। कोई शिव भजनों पर नृत्य कर रील बना रहा है तो कोई अधिक जल कंधे पर उठाकर अपने सहयोगी से रील बनवा कर सोशल मीडिया पर डाल रहा है।
ब्लॉगर भी इससे पीछे नहीं है। गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों को रोककर फल वितरित कर उनकी वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर की जा रही है। देखा जाए तो वक्त के साथ कांवड़ यात्रा का स्वरूप भी लगातार बदल रहा है।