कांवड़ यात्रा को लेकर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार कर लिया है। मेरठ जोन के सभी नौ जिलों मेरठ, बुलंदशहर, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, बागपत, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर और अन्य जिलों के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड पुलिस को भी प्रस्तावित प्लान भेज दिया गया है।
एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेयी के अनुसार, 18 जुलाई की रात से एनएच-58 पर भारी वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा। 23 जुलाई से हाईवे पर वनवे व्यवस्था और 26 जुलाई से हाईवे को बंद करना प्रस्तावित है। रोडवेज और प्राइवेट बस अड्डे 19 जुलाई से शिफ्ट करने का प्लान है। यह डायवर्जन 31 जुलाई की शाम तक प्रभावी रहेगा। कांवड़ियों की संख्या के आधार पर इसमें बदलाव भी किया जा सकता है।
यह है कांवड़ मार्ग
- हरिद्वार से कांवड़िए, मुजफ्फरनगर, मेरठ, गाजियाबाद से एनएच-58 से दिल्ली, हापुड़, बुलंदशहर की ओर जाते हैं। हाईवे पर मेरठ की सीमा में यह मार्ग 45 किमी लंबा है।
- चौधरी चरण सिंह कांवड़ पटरी मार्ग (गंगनहर पटरी) हाईवे के बाद दूसरा मुख्य मार्ग है। मेरठ में यह मार्ग 42 किमी लंबा है।
- हाईवे पर नावला मार्ग मेरठ में सरधना से सलावा, कल्याणपुर से पुरा महादेव मंदिर जाता है।
- मोदीपुरम से बेगमपुल, दिल्ली रोड, परतापुर तिराहे के अलावा बेगमपुल से बच्चा पार्क, हापुड़ अड्डा, हापुड़- बुलंदशहर मार्ग से भी कांवड़िए निकलते है।
यातायात व्यवस्था में ये होंगे बदलाव
- दिल्ली, गाजियाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें मुजफ्फरनगर, हरिद्वार, सहारनपुर व बिजनौर जाना है, ऐसे सभी वाहन गाजियाबाद से हापुड़ होकर साइलो चौकी-2 से किठौर, परीक्षितगढ़, मवाना, बहसूमा, रामराज, मीरापुर, जानसठ से मुजफ्फरनगर की ओर जा सकेंगे।
- देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर की ओर से आने वाले भारी वाहन जिन्हें दिल्ली, गाजियाबाद, हापुड़ व बुलंदशहर की ओर जाना है। ऐसे भारी वाहन मीरापुर, बहसूमा, मवाना बस अड्डा पुलिस चौकी से परीक्षितगढ़ रोड की ओर डायवर्ट किए जाएंगे।
- देहरादून, हरिद्वार, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर व बिजनौर की ओर से आने वाली रोडवेज बसें जिन्हें दिल्ली, गाजियाबाद, मेरठ, हापुड़ व बुलंदशहर जाना है। ऐसी बसें मवाना से कमिश्नरी आवास चौराहा, विवि रोड, तेजगढ़ी से सोहराबगेट अड्डे से जा सकेंगी।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/