कैराना में पार्टी ने एक प्रत्याशी को नहीं बल्कि सद्भावना को टिकट दिया है। यह बात रालोद सुप्रीमो चौधरी अजित सिंह ने रविवार को कैराना से पार्टी प्रत्याशी तबस्सुम हसन को पार्टी सिंबल देने के बाद अमर उजाला से बात करते हुए कही।
सिंह ने कहा कि दिल्ली की गद्दी हथियाने के लिए भाजपा ने 2013 में वहां दंगा कराया था जहां कभी दंगा नहीं हुआ था। वे इस समय 80 वें साल में चल रहे हैं। उन्होंने ये साल क्षेत्र में हिंदू- मुस्लिम एकता, आपसी भाईचारे और सद्भावना के लिए दिया है। पिछले दो महीने से वे इसके लिए हर जनपद में जाकर हिंदू-मुस्लिमों से बात कर रहे हैं। सिंह ने तबस्सुम हसन को टिकट दिए जाने के फैसले पर कहा कि क्षेत्र की जनता पार्टी उपाध्यक्ष जयंत चौधरी को चुनाव लड़ाने के लिए जोर लगा रही थी। मुस्लिम वर्ग भी जयंत को टिकट देने की मांग कर रहा था। लेकिन उन्होंनेे जातिवाद और परिवारवाद से ऊपर आपसी भाईचारा, शांति और सद्भावना को रखा। पार्टी के प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. राजकुमार सांगवान ने बताया कि हाईकमान ने पार्टी के सभी पदाधिकारियों के अलावा सक्रिय कार्यकर्ताओं को कैराना कूच करने के निर्देश दिए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/