- क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से बनाए गए थे 12 प्रस्ताव, 8 हुए पास, लोक निर्माण विभाग की ओर से किया जाएगा कार्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। आने वाले एक साल में कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम का स्वरूप बदल जाएगा। एक ओर यहां सिंथेटिक ट्रैक का कार्य पूरा हो जाएगा तो बाह्य विकास निधि से भी मेरठ विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की ओर से यहां बहुमंजिला इमारत तैयार की जाएगी। इस पांच मंजिला इमारत में हर एक मंजिल पर एक खेल का आयोजन किया जाएगा। इसे लेकर लोक निर्माण विभाग को दिए गए प्रस्ताव पास हो गए हैं। अब जल्द ही यहां कार्य शुरू कराए जाएंगे।
कैलाश प्रकाश स्पोर्ट्स स्टेडियम में बाह्य विकास निधि से करोड़ों रुपये के विकास कार्य कराए जाने हैं। मेरठ विकास प्राधिकरण और लोक निर्माण विभाग की ओर से यह कार्य कराए जाएंगे। इसे लेकर बीते माह दोनों विभागों के अधिकारियों ने स्पोर्ट्स स्टेडियम में निरीक्षण किया था। क्षेत्रीय खेल कार्यालय की ओर से यहां कार्यों के लिए लगभग 12 विकास कार्यों के प्रस्ताव बनाकर अधिकारियों को दिए गए थे। क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अनिमेष सक्सेना ने बताया कि विभागों की ओर से यहां खिलाड़ियों के लिए हॉस्टल, खेलों के लिए हॉल, खिलाड़ियों के लिए जिम, शौचालय, दर्शक दीर्घा के ऊपर टीन शेड़ डालने आदि के कार्य कराए जाने हैं। स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रवेश करते समय एक विशाल द्वार भी तैयार किया जाएगा। जो काफी आकर्षित होगा। विभागों की ओर से यहां कराए जाने वाले 8 कार्यों के प्रस्ताव को पास कर दिया गया है। अब जल्द ही इनके कार्य शुरू कराए जाएंगे। इनमें शामिल कार्यों में यहां एक बहुमंजिला इमारत भी तैयार कराई जाएगी जिसमें एक मंजिल पर वुशू, एक पर जिम, जूडो, कुश्ती और बॉक्सिंग खेलों का आयोजन होगा। यह कार्य जल्द ही शुरू हो जाएंगे।
सिंथेटिक ट्रैक का भी चल रहा कार्य
स्टेडियम में एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान के बाद अब यहां सिंथेटिक ट्रैक का कार्य भी शुरू हो चुका है। इसमें 400 मीटर ट्रैक की आठ लेन, शॉटपुट, लांग जंप, हाई जंप आदि खेलों के लिए ट्रैक तैयार होंगे। निर्माणदायी संस्था यूपीपीसीएल की ओर से कार्य किया जा रहा है। इसके लिए 4.28 करोड़ की धनराशि फरवरी में जारी हो चुकी है, अब आधा कार्य होने के बाद दूसरी किश्त भी जारी की जाएगी। इन सब कार्यों के पूरा होने के बाद स्टेडियम की सूरत बदल जाएगी।
ये होंगे कार्य
- स्पोर्ट्स स्टेडियम के मुख्य द्वार का सौंदर्यीकरण
- 5 मंजिला इमारत का निर्माण, जिसमें जिम, जूडो, कुश्ती, वुशू और बॉक्सिंग खेलों का होगा आयोजन
- 20 कमरों का निर्माण, इसमें छात्रों के रहने की होगी व्यवस्था
- आवासीय क्रीड़ा छात्रावास का जीर्णोद्धार
- पूर्व में निर्मित स्टेज का जीर्णाद्धार
- हॉकी स्ट्रोटर्फ मैदान के पीछे तीरंदाजी के लिए मैदान तैयार किया जाना
- जिम हॉल में वुडन फ्लोरिंग का कार्य