संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। कालंद रोड स्थित ऑक्सफोर्ड पब्लिक स्कूल में रविवार को आयोजित डे-नाइट योगासन प्रतियोगिता के परिणाम सोमवार को घोषित किए गए। प्रतियोगिता में मेरठ जिले के विभिन्न सीबीएसई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। खिलाड़ियों ने वृक्षासन, पादहस्तासन, उष्ट्रासन, चक्रासन, सर्वांगासन और धनुरासन सहित विभिन्न कलात्मक एवं पारंपरिक योगासनों का शानदार प्रदर्शन कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया।
प्रतियोगिता में कदम पब्लिक स्कूल भूनी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया। आर्मी पब्लिक स्कूल, मेरठ की टीम दूसरे और सेंट जेवियर स्कूल, सरधना की टीम तीसरे स्थान पर रही। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने योग के विभिन्न आसनों के साथ-साथ अपनी शारीरिक संतुलन, लचीलापन और कलात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। कदम पब्लिक स्कूल की छात्राओं रिया और वेदिका की ओर से प्रस्तुत रिदमिक योगासन को निर्णायक मंडल ने विशेष रूप से सराहा।
वहीं, सेंट जेवियर स्कूल के छात्र अभिनव सोम के दीपक आसन ने भी सभी का ध्यान आकर्षित किया। पुरस्कार वितरण समारोह में विद्यालय के अध्यक्ष संजीव चौधरी और निदेशक डॉ. पायल चौधरी ने विजेता टीमों को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस दौरान मैच रेफरी नेहा, मनीषा, प्रीति, प्रिंसी, नव्या, गौरव, देव, डॉ. कोमल लाकड़ा, डॉ. अनुज गोयल, नवजोत सिद्धू, विक्रम सिंह मौजूद रहे।