मेरठ के सोतीगंज के कबाड़ियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। शुक्रवार को 10 हजार के इनामी जावेद निवासी गंज बाजार को गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी के गोदाम से काफी संख्या में इंजन बरामद हुए थे जो चोरी के निकले थे। इसके अलावा कुछ इंजन के नंबर भी घिसे हुए थे। फोरेंसिक टीम की रिपोर्ट के बाद 15 लोगों पर केस दर्ज किया गया है।
सदर बाजार थाना पुलिस ने पिछले दिनों सोतीगंज में अफजाल कबाड़ी के गोदाम पर छापा मारकर 54 इंजन बरामद किए थे। इनमें से कई चोरी के थे। इसके अलावा कई इंजन के नंबर घिसे थे। इनकी जांच के लिए फोरेंसिक टीम आई थी। इस मामले में आरोपी जावेद फरार चल रहा था। उस पर 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी जावेद को पकड़ लिया। सदर बाजार थाना प्रभारी देव सिंह रावत ने कहा कि चोरी के इंजन के मामले में उस पर नौचंदी, मेडिकल और टीपीनगर के साथ ही कई मुकदमे दर्ज थे। कई अन्य आरोपी अभी फरार हैं।