सरूरपुर(मेरठ)। भूनी गांव में बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह और सिवालखास विधायक चौ. जितेंद्र सिंह सतवाई ने कदम स्पोर्ट्स एकेडमी का शुभारंभ किया। एक ही जगह आधा दर्जन से अधिक खेलों के कोच युवाओं का भविष्य संवारने का कार्य करेंगे। एकेडमी के खुलने से युवाओं में खुशी की लहर है।
रविवार को एकेडमी के शुभारंभ पर एकेडमी के डायरेक्टर के साथ खिलाड़ियों ने हवन पूजन किया। सांसद ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में एक ही जगह शूटिंग, कबड्डी, बैडमिंटन, क्रिकेट, स्वीमिंग पूल के साथ अन्य खेलों के कोच प्रतिभा तलाशने का काम करेंगे। यहां से निकलने वाला खिलाड़ी क्षेत्र ही नहीं प्रदेश व देश का नाम रोशन करेगा।
विधायक जितेंद्र सिंह ने कहा की देहात क्षेत्र में खिलाड़ियों के अंदर प्रतिभा को बढ़ाने का काम करने के लिए यह प्रयास अच्छा है। एकेडमी के डायरेक्टर संजीव चौधरी तथा ओमकार चौधरी ने कहा कि उनका लक्ष्य क्षेत्र के युवाओं की प्रतिभा को आगे ले जाने का है। एथलीट कोच महावीर सिंह ने भी संबोधित किया। पंकज चौहान, कुंवर पाल ठाकुर, रणवीर सिंह, पंकज शर्मा, सुनील शर्मा, वीरपाल कलीना आदि मौजूद रहे।