नगर निगम ने पशुओं के लिए अत्याधुनिक कांजी हाउस बनवाने के लिए कदम बढ़ाया है। यह कांजी हाउस कान्हा पशु आश्रय योजना के तहत बनाया जाएगा। यहां पशुओं के लिए भूसा, हरा चारा और पानी की समुचित व्यवस्था होगी। पशु चिकित्साधिकारी भी तैनात किए जाएंगे।
अमर उजाला ने शनिवार को नगर निगम के कांजी हाउस की बदहाली को उजागर किया था। फाइलों में दबी कान्हा पशु आश्रय योजना पर अफसरों का ध्यान आकर्षित कराया। खबर छपते ही नगर निगम प्रशासन हरकत में आ गया। अधिकारियों ने सूरजकुुंड स्थित कांजी हाउस का निरीक्षण किया। साथ ही कान्हा आश्रय योजना के तहत शहर बनने वाले अत्याधुनिक कांजी हाउस के लिए छह स्थानों का चयन भी कर लिया। नगर निगम प्रशासन ने कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एवं डिजाइन सर्विसेज जल निगम मेरठ के अधिशासी अभियंता को प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण करने के लिए पत्र भी लिखा है।
नगर निगम की ओर से प्रस्तावित स्थान
नगर निगम प्रशासन ने कांजी हाउस के लिए शहर से बाहर मलियाना, बराल परतापुर, लिसाड़ी, खडौली, रामपुर पावटी, साईंपुरम में राज्य सरकार के स्वामित्व की भूमि का प्रस्ताव तैयार किया है। इनमें से किसी एक स्थान पर अत्याधुनिक कांजी हाउस बनाया जाएगा।
जल निगम कराएगा कांजी हाउस का निर्माण
शासनादेश भले ही पिछली सरकार का हो, लेकिन इसे मौजूदा सरकार ने ही नगर निगम को भेजा है। शहर में एक स्थान पर कान्हा पशु आश्रय योजना के तहत कांजी हाउस बनाया जाना प्रस्तावित है। जल निगम निर्माण इकाई को इसका निर्माण करना है। जल निगम के अधिशासी अभियंता को पत्र भेजकर भूमि का निरीक्षण करने और डीपीआर बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
देवेन्द्र कुमार कुशवाहा, नगरायुक्त।
जल्द कराएंगे निर्माण
जल निगम से बात करके शहर में कोई एक स्थान कांजी हाउस के लिए चयनित कराएंगे। ताकि कान्हा पशु आश्रय योजना के तहत शीघ्र अत्याधुनिक कांजी हाउस का निर्माण हो सके।
हरिकांत अहलुवालिया, महापौर।