मुहर्रम की पांच तारीख रविवार को शहर सहित जैदी फार्म एवं लोहिया नगर में आयोजित मजलिसों व जुलूसों में शोहदा ए करबला को याद किया। या हुसैन या अब्बास की सदाओं के बीच नौहेख्वानों ने दर्दभरे नौहे पढ़ माहौल को गमगीन कर दिया। जुलजुनाह का कदीमी जुलूस बड़ी अकीदत के साथ बुढ़ाना गेट स्थित इमामबारगाह मोहम्मद अली खान से बरामद हुआ। इसमें झूला हजरत अली असगर, अलम-ए-मुबारक शामिल थे।
जुलूस में शहर क्षेत्र के आसपास से आए हुसैनी सोगवारों ने जंजीरों से मातम कर इमाम हुसैन और शोहदा ए करबला को खिराजे अकीदत पेश की। जुलूस-ए-जुलजुनाह के प्रारंभ में अंजुमन अब्बासिया अब्दुल्लापुर एवं अंजुमन जैदी फार्म के नौहेख्वानों और रजाकारों ने मातमपुरसी एवं नौहेख्वानी कर इमाम हुसैन की शहादत का मकसद बयां किया। शहर क्षेत्र की अंजुमने भी शामिल रहीं। अंजुमन इमामिया वाजिद अली गप्पू, चांद मियां, मीसम, रविश, लिल्ले, अंजुमन दस्ताए हुसैनी के हुमायूं अब्बास ताबिश और तंजीमे अब्बास के सफदर हिंदुस्तानी, रजा नकवी, अतीकउल हसनैन, सागर, दारेन आदि ने रोंगटे खड़े कर देने वाले नौहे पढ़े। जुलूस बुढ़ाना गेट पुलिस चौकी के आगे से होता हुआ खैरनगर चौराहा, भारतीय स्टेट बैंक दत्ता होता हुआ खैरनगर बाजार से छोटी करबला चौड़ा कुआं पहुंचा और यहां से इमामबाड़ा वक्फ मनसबिया घंटाघर से जिला अस्पताल के सामने से अहमद रोड से होकर देर रात वापस इमामबाड़ा बुढ़ाना गेट जाकर संपन्न हुआ। जुलूस के प्रबंधक हैदर अली कोटला रहे। जुलूस में मुहर्रम कमेटी के संयोजक शाह अब्बास सफवी, अकबर अली, बाकर जैदी, फखरी जाफरी, डॉ. सरदार हुसैन, सैयद तालिब जैदी, फसले हसनैन जैदी एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में हुसैनी सोगवार शरीक रहे। हामिद अली जमाल, हाजी शमशाद जैदी, अली हैदर रिजवी, नियाज हुसैन गुड्डू, कौसर रजा, हैदर अब्बास, डॉ. हसन जैदी आदि संभाले हुए थे।
जैदी फार्म में जुलूस ए अलम बरामद
जैदी फार्म के शाहिद हुसैन के अजाखाने में आयोजित मजलिस को मौलाना सैयद अम्मार हैदर रिजवी की तकरीर के बाद दोपहर में जुलूस ए अलम मुबारक बरामद हुआ जो दरबारे हुसैनी पुरानी कोठी पहुंचा। जुलूस में अंजुमन जैदी फार्म के रजाकारों ने मातम और नौहेख्वानी की। मुहर्रम कमेटी के मीडिया प्रभारी अली हैदर रिजवी ने बताया कि आज छह मुहर्रम सोमवार को दोपहर 01.30 बजे दरबारे हुसैनी में मजलिस के बाद अलम-ए-मुबारक बरामद होगा। इसके आयोजक दिलबर जैदी हैं। आज सोमवार को इमामबारगाह तकी हुसैन बाजार पेड़ामल से शाम 04 बजे जुलूस ए जुलजुनाह बरामद होगा। इसके प्रबंधक अंसार हुसैन रिजवी एडवोकेट हैं।
गम ए हुसैन में आयोजित मजलिस
शहर के इमामबारगाहों एवं अजाखानों में रविवार को भी गम ए हुसैन में मजलिसों का क्रम जारी रहा। चौड़ा कुआं छोटी करबला में मौलाना अब्बास बाकरी हैदराबादी ने व इमामबाड़ा मनसबिया घंटाघर में आयोजित मजलिस में मौलाना सैयद नदीम असगर रिजवी बनारस, डॉ. इकबाल हुसैन सफवी के अजाखाने पूर्वा फैयाज अली में मौलाना सैयद गुलाम अब्बास ने खिताब करते हुए हजरत इमाम हुसैन और शोहदा ए करबला की शहादत एवं अजमत बयां की।