सूरजकुंड निवासियों को किशोर संप्रेक्षण गृह से जल्द ही निजात मिल जाएगी। प्रशासन ने शिफ्टिंग का फाइनल प्लान शासन को भेज दिया है। किशोर संप्रेक्षण गृह को चौधरी चरण सिंह जिला कारागार के बराबर में बने किशोर सदन में शिफ्ट किया जाएगा।
सूरजकुंड स्थित किशोर संप्रेक्षण गृह में आए दिन बवाल होने और किशोरों के अभद्र व्यवहार के कारण आसपास के लोग त्रस्त हैं। पिछले दिनों हुए बवाल के दौरान शहर विधायक डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने संप्रेक्षण गृह के बाहर धरना देते हुए प्रशासन को शिफ्टिंग का प्रस्ताव भेजने को मजबूर किया था। वहीं इस प्रस्ताव के संबंध में उन्होेंने शासन स्तर पर भी पैरवी की। जिसके बाद शासन ने शिफ्ट करने की मंजूरी देते हुए शीघ्र ही प्रस्ताव बनाकर भेजने के आदेश जिलाधिकारी और कमिश्नर को दिए थे।
शासन से हरी झंडी मिलने के बाद डीएम पंकज यादव ने किशोर संप्रेक्षण गृह के लिए जगह की तलाश तेज कर दी और इसके लिए सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार को लगा दिया। तमाम जगहों का निरीक्षण करने के बाद अंत में जिला कारागार के बराबर में बने किशोर सदन भवन में संप्रेक्षण गृह को शिफ्ट करने की सहमति बनी। मंगलवार को डीएम, एसएसपी जे रविंद्रन गौड़ और सिटी मजिस्ट्रेट केशव कुमार ने इस किशोर सदन के भवन का निरीक्षण किया और भवन को किशोर संप्रेक्षण गृह के लिए पूरी तरह उपयुक्त पाया।
बनेगी चारदीवारी
इस किशोर सदन के भवन की सफाई, रंगाई पुताई और मरम्मत के साथ जो बड़ा काम है, वह चारदीवारी का है। क्योंकि किशोर सदन बिल्कुल जिला जेल के बराबर में है। चारो तरफ दीवार बनने के बाद यह परिसर पूरी तरह जिला जेल से अलग हो जाएगा। जिलाधिकारी ने इस पर तेजी से काम करने के निर्देश दिए ताकि एक माह के भीतर यह शिफ्ट हो जाए।