जिला अस्पताल को फिर एक बार बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। बृहस्पतिवार को सिविल लाइन स्थित सीएमओ ऑफिस यह धमकी भरी चिट्ठी मिलने से स्वास्थ्य विभाग और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सिविल लाइन और देहली गेट थाना पुलिस जांच में जुट गई है।
पुलिस के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह सीएमओ ऑफिस में एक चिट्ठी पड़ी मिली। कर्मचारी ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दी। चिट्ठी में लिखा है कि जिला अस्पताल को बम से उड़ा दिया जाएगा। इसकी जानकारी पर सिविल लाइन पुलिस और देहली गेट पुलिस ने स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से पूछताछ की। बता दें कि जिला अस्पताल थाना देहली गेट क्षेत्र में आता है।
एसओ देहलीगेट वीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि जिला अस्पताल को पहले भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। जिसमें जांच पड़ताल में सामने आया था कि एक मरीज का इलाज न करने पर एक युवक ने यह चिट्ठी सीएमओ ऑफिस में दहशत फैलाने के लिये भेजी थी। संभव है कि इस बार भी इस तरह की धमकी भरी चिट्ठी इसी मकसद से भेजी होगी। हालांकि इंस्पेक्टर सिविल लाइन एसके राणा ने बताया कि यह मामला मेरी जानकारी में नहीं है। थाने में शिकायत आई है, जिसकी जांच करने में पुलिस जुटी है।