92 साल की महिला की जिजीविषा ने कोरोना को हराया
मेरठ। कोरोना का नाम सुनते ही जहां लोगों के पसीने छूट जाते हैं, वहीं 92 साल की एक वृद्धा ने अपनी जिजीविषा से कोरोना को मात दी है। रविवार को उनकी कोरोना रिपोर्ट नेगेटिव आने के बाद मेडिकल कॉलेज से छुट्टी दे दी गई। शास्त्रीनगर में रहने वाली उर्मिला भाटिया (92) की रिपोर्ट नेगेटिव आने की खबर मिलते ही उनका चेहरा खुशी से खिल उठा। उन्होंने इलाज में लगे पूरे स्टाफ को आशीर्वाद दिया। देखभाल करने वाले दयानंद ने बताया कि वृद्धा की बेटी ऑस्ट्रेलिया में रहती हैं। इनकी तबीयत खराब होने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां कोरोना की पुष्टि हुई। इसके बाद इन्हें मेडिकल कॉलेज में भर्ती किया गया। 10वें दिन अब इनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है। शाम को मेडिकल से इन्हें घर ले गए। प्राचार्य डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया कि यह एक बड़ी उपलब्धि है। मेडिकल स्टाफ के प्रयास और महिला की इच्छाशक्ति के आगे कोरोना ने घुटने टेक दिए। ब्यूरो