सीसीएसयू : स्नातक में पंजीकरण का आज अंतिम मौका
मेरठ। सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन का सोमवार को अंतिम दिन है। इसके बाद पोर्टल बंद हो जाएगा। 25 सितंबर तक विवि पहली मेरिट जारी कर देगा। जिसके बाद कॉलेजों में एडमिशन शुरू हो जाएंगे। रविवार शाम तक सिर्फ 133297 छात्र-छात्राओं ने ही आवेदन किया है। 15 हजार छात्र-छात्राएं ऐसे हैं जिन्होंने आवेदन तो किए हैं, लेकिन फीस जमा नहीं करने की वजह से उनका फार्म पूरा नहीं माना जाएगा।
सीसीएसयू कैंपस-कॉलेजों के 41 कोर्सों में रजिस्ट्रेशन के लिए पोर्टल 14 जून से खुला हुआ है। इस बार रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया को इतना आसान बनाया गया था कि मोबाइल से ही 80 फीसदी फार्म भरे गए। रजिस्ट्रेशन सीसीएसयू की वेबसाइट पर हो रहे हैं। 21 सितंबर अंतिम तिथि है, इसके बाद मेरिट बनाए जाने काम शुरू हो जाएगा। 25 सितंबर तक मेरिट आ जाएगी। छात्रों के मोबाइल पर इसका मेसेज जाएगा। मेरिट देखने के बाद छात्र संबंधित कॉलेज में जाकर एडमिशन ले सकते हैं। सबसे ज्यादा मारामारी सरकारी कॉलेजों में बीए में रहेगी। इसके बाद बीकॉम-बीएससी का नंबर रहेगा। इन तीनों कोर्सों में कटऑफ 70 तक रहने के आसार हैं। जहां सीसीएसयू के परिक्षेत्र में इस साल 12वीं में दो लाख 30 हजार छात्र-छात्राएं पास हुए हैं, रजिस्ट्रेशन की संख्या सिर्फ एक लाख 33 हजार ही है। पिछले साल के भी 10 हजार के करीब छात्र-छात्राओं ने फार्म भरे हैं। ऐसे में एक लाख छात्रों ने रजिस्ट्रेशन नहीं किया है। ऐसे में 40 हजार के करीब सीटें सेल्फ फाइनेंस में खाली रह सकती हैं।
कोविड-19 के कारण प्राइवेट में बढ़ेगी संख्या
कोविड-19 के कारण इस बारे कॉलेज मार्च से अब तक बंद हैं। आगे भी ऑफलाइन पढ़ाई होने की उम्मीद बहुत कम है। ऐसे में इस बार प्राइवेट में एडमिशन लेने वाले छात्र-छात्राओं की संख्या बढ़ सकती है।