- पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। देहली गेट थाना क्षेत्र के सराफा बाजार में जेवर दिखाने पहुंची महिला आसफा खान के पर्स से एक बुर्का पहने महिला ने 13 जून को सोने के आभूषण चोरी कर लिए। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला मौके से गायब हो गई। पीड़िता के अनुसार उसमें लाखों रुपये कीमत के सोने के आभूषण थे। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हापुड़ रोड स्थित भवानी नगर निवासी आसफा खान ने रविवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि वह 13 जून की शाम करीब पांच बजे अपने सोने के जेवर लेकर सराफा बाजार स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची थी। वहां वह अपने जेवरों की जांच करा रही थी। इसी दौरान उनके पास एक बुर्का पहने महिला आकर बैठ गई। महिला ने आधा नकाब लगाया हुआ था और उसके हाथ में महरून रंग का बैग था।
पीड़िता के अनुसार, जेवरों की जांच कराने के बाद वह दुकान से निकलकर पास ही स्थित दूसरे ज्वैलर्स की दुकान पर पहुंची थी। वहां जब उन्होंने अपना बड़ा पर्स खोला तो उसमें रखा सोने का सामान गायब मिला। वह वापस दुकान पर पहुंची। लेकिन वहां बैठी संदिग्ध महिला नहीं मिली। चोरी हुए सामान में दो सोने की बड़ी चेन, एक सोने का पेंडल, एक जोड़ी टॉप्स, मोतियों के बुंदों का एक सेट, एक जोड़ी झुमकी, एक चूड़ी तथा सात अंगूठियां शामिल हैं।
पीड़िता ने पुलिस से बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी महिला की पहचान कर गिरफ्तारी की मांग की है। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली है। महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। जल्द महिला को पकड़ लिया जाएगा।