संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मोहल्ला इस्लामाबाद में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। चोर छत के रास्ते घर में दाखिल हुए और अलमारी का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए।
पीड़िता वकीला ने सरधना थाने पर दी तहरीर में बताया कि चोरी गए सामान में करीब एक तोला सोने और लगभग 750 ग्राम चांदी के आभूषण शामिल हैं। उन्होंने बताया कि दो माह पहले बेटे की शादी हुई थी, जिसके लिए बनवाए गए जेवर भी चोरी हुए हैं। इसके अलावा परिवार के अन्य सदस्यों के आभूषण भी चोर अपने साथ ले गए। सुबह परिवार के लोगों की नींद खुलने पर घटना की जानकारी हुई। घर का सामान बिखरा देख परिजनों के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
-