सरूरपुर। कस्बा हर्रा में चोरी के बाद बिखरा सामान। पीड़ित
- आरोपी सड़क पर लगे सीसीटीवी में हुए कैद
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा के चौक बाजार निवासी शाहरून शनिवार को परिवार के साथ मकान का ताला लगाकर रिश्तेदारी में गए थे। इसी दौरान चोरों ने मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के जेवरात व घरेलू सामान चोरी कर लिया। आरोपी सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
शाहरून ने तहरीर में बताया कि शनिवार को वह परिवार के साथ रिश्तेदारी में गए थे। रविवार को लौटने पर मकान का मुख्य ताला टूटा मिला और घर के अंदर सामान बिखरा मिला। चोर घर में रखे सोने के कुंडल, सोने का सेट, पाजेब, बर्तन, कंबल समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुए सामान की कीमत लाखों रुपये में है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। आरोपी मकान के बाहर सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
क्षेत्राधिकारी सरधना आशुतोष कुमार ने कहा कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पहचान कर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।