पानीपत फिल्म के विवादित सीन का जाट करेंगे विरोध
मेरठ। निर्देशक आशुतोष गोवरिकर की अभिनेता संजय दत्त और अर्जुन कपूर अभिनीत फिल्म पानीपत में महाराजा सूरजमल के चरित्र चित्रण को गलत तरीके से पेश करने पर जाटों में उबाल आ गया है। राजस्थान में विरोध प्रदर्शन शुरू होने के बाद अब यूपी के जाटों ने भी विवादित सीन नहीं हटाने पर फिल्म नहीं चलने देने का एलान किया है। राष्ट्रीय जाट महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित जाखड़ का कहना है कि फिल्म में जाट समाज की शान महाराजा सूरजमल के चरित्र को गैर जिम्मेदारी के साथ फिल्माया गया है। इससे जाट समाज की भावनाएं आहत हुई हैं। फिल्म से अगर ये सीन नहीं हटाया गया तो किसी भी सिनेमा में यह फिल्म चलने नहीं दी जाएगी।
उधर, अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा के अध्यक्ष विवेक काजला ने भी पानीपत फिल्म में दिखाए गए महाराजा सूरजमल के गलत चरित्र पर कड़ा एतराज जताया है। काजला ने कहा कि फिल्म निर्देशक ने इतिहास के साथ खिलवाड़ करते हुए जाट समाज की भावना को आहत किया है। अगर फिल्म से इस सीन को नहीं निकाला गया तो जाट समाज फिल्म को चलने नहीं देगा।