फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मैडम! अगर टीचर स्कूल आए तो हम पढ़ाई छोड़ देेंगे   

Wed, 26 Oct 2016 01:57 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो/मेरठ
विज्ञापन
डीएम से शिकायत करने आए लोग। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मैडम! एक टीचर का व्यवहार ठीक नहीं है। वह छात्राओं को बुरी नजर से देखते हैं। कई बार छेड़छाड़ कर चुके हैं। अगर ये शिक्षक कॉलेज आएंगे तो हम पढ़ाई छोड़ने को मजबूर होंगे। मलियाना के जसवंत शुगर मिल इंटर कॉलेज की छात्राओं ने डीएम से यह शिकायत की। डीएम ने डीआईओएस को जांच के आदेश दिए हैं। 
विज्ञापन


मंगलवार को वार्ड पार्षद प्रवीण राही और कुछ अभिभावक चार छात्राओं के साथ कलक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने डीएम बी. चंद्रकला से शिक्षक श्रवण कुमार की शिकायत की। आरोप लगाया कि शिक्षक क्लास में छात्राओं से अश्लील हरकतें करते हैं। शिकायत पर पहले शिक्षक को हटा दिया गया था, लेकिन वह दोबारा आ गए। छात्राओं ने कहा कि यदि सर कॉलेज में रहेंगे तो हम पढ़ाई छोड़ देंगे। छात्राओं ने एसएसपी कार्यालय में भी शिकायत की है।

नेता की सिफारिश से हुआ तबादला 
पार्षद प्रवीण राही ने बताया कि 29 सितंबर को शिक्षक ने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की थी। अगले ही दिन टीपीनगर थाने में इसकी शिकायत की गई थी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। प्रिंसिपल की शिकायत पर डीआईओएस ने उक्त शिक्षक को पीपलीखेड़ा कॉलेज से अटैच कर दिया। लेकिन एक शिक्षक नेता की सिफारिश से उक्त शिक्षक फिर से इसी कॉलेज में आ गया।
विज्ञापन


प्रधानाचार्य, पार्षद समेत 20 पर केस
मलियाना के जसवंत शुगर मिल इंटर कॉलेज में शिक्षक श्रवण कुमार को पीटने के मामले में प्रधानाचार्य और पार्षद समेत 20 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हो गई है। शिक्षकों ने एसएसपी ऑफिस में प्रधानाचार्य की शिकायत की। एसएसपी ऑफिस में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया कि शिक्षक श्रवण कुमार डीआईओएस का आदेश लेकर सोमवार सुबह कॉलेज पहुंचे थे। प्रधानाचार्य ने फोन कर बाहरी लोगों को बुलवा लिया। श्रवण कुमार जान बचाकर कमरे में घुसे, लेकिन लोगों ने उन्हें वहीं पर पीटा। शिक्षकों का कहना है कि कॉलेज में छात्रों से अवैध वसूली होती है। पेड़ तक काटकर बेच दिए हैं, जिसका कोई हिसाब नहीं दिया गया। प्रधानाचार्य ही शिक्षक पर झूठे आरोप लगवाकर फंसा रहे हैं। पिटाई के कारण शिक्षक की हालत गंभीर है। वह दिल्ली में आईसीयू में भर्ती है। उधर एसओ टीपीनगर हंसराज भदौरिया ने बताया कि शिक्षक की तहरीर पर प्रधानाचार्य राजेश अग्रवाल, पार्षद प्रवीण राही और 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। 

कॉलेज में कम रही संख्या 
मंगलवार को कॉलेज तो खुला, लेकिन छात्र-छात्राओं की संख्या कम रही। प्रधानाचार्य ने बताया कि छात्राओं के अभिभावक कह रहे हैं कि यदि शिक्षक कालेज में रहेंगे तो वे अपनी बेटियों को कॉलेज नहीं भेजेंगे। अधिकारियों को शिकायत भेज दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें