गन्ना तौल बंद होने के विरोध में जाम लगाया
शामली, बाबरी। क्षेत्र के गांव खेड़ी बैरागी के किसानों ने तीन दिन से गन्ना तौल केंद्र पर तौल नहीं होने के विरोध में हाईवे पर जाम लगाकर अपनी नाराजगी जताई। पानीपत-खटीमा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण गन्ना तौल केंद्र पर रास्ता अवरुद्ध हो गया है।
गांव फतेहपुर के समीप मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर तितावी गन्ना मिल का तौल केंद्र है। इस पर तीन दिन से गन्ने की तौल नहीं हो रही है। तौल न होने के कारण खेड़ी बैरागी ,फतेहपुर, बनतीखेड़ा के गन्ना किसानों ने मुजफ्फरनगर-शामली मार्ग पर करीब डेढ़ घंटे तक जाम लगाया। इस दौरान सैकड़ों किसान अपने वाहनों में गन्ना लादकर तौल केंद्र पर पहुंचकर हंगामा किया। किसानों ने ट्रांसपोर्टर पर गन्ना नहीं उठाने का आरोप लगाया। हाईवे पर जाम लगाने की सूचना पर कार्यवाहक थानाध्यक्ष बाबरी, हल्का लेखपाल अश्वनी कुमार, तहसीलदार शामली, गन्ना सचिव मुकेश राठी आदि मौके पर पहुंचे। किसानों की समस्या बताने पर पता चला कि पानीपत-खटीमा मार्ग पर चल रहे निर्माण कार्य के कारण गन्ना तौल केंद्र पर रास्ता अवरुद्ध हो गया है। तहसीलदार शामली द्वारा हाईवे अथॉरिटी से संपर्क करने पर हाईवे के अधिकारियों ने आश्वासन दिया की गन्ना तौल केंद्र को उचित रास्ते की व्यवस्था की जाएगी। इसके बाद हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी द्वारा तुरंत गन्ना तौल केंद्र का रास्ता सुचारु किया गया। इस पर किसान शांत हुए। प्रदर्शनकारी किसानों में हरेद्र सिंह, योगेश कुमार, मदन सिंह, राजबीर सिंह, सतपाल सिंह, ओमपाल ,रविंद्र , धर्मेंद्र, नरेश कुमार, संजय सिंह आदि मौजूद रहे।