लावड़। जमालपुर गांव निवासी अंकित ने अपनी शादी में हाथी पर घुड़चढ़ी की। 21 अप्रैल को हुई इस अनोखी घुड़चढ़ी का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसके बाद यह शादी पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है।
बताया गया कि अंकित ने पारंपरिक घोड़ी के बजाए हाथी पर सवार होकर बरात निकालने का फैसला लिया। जैसे ही वह हाथी पर सवार होकर निकले तो लोगों की भीड़ इस अनोखे नजारे को देखने के लिए उमड़ पड़ी। हर कोई इस खास पल को अपने मोबाइल में कैद करता नजर आया। विशेष बात यह है कि लावड़ में करीब 75 साल बाद हाथी पर घुड़चढ़ी देखने को मिली है। इससे पहले वर्ष 1951 में दिल्ली निवासी निरंजन गुप्ता की लावड़ में हाथी पर चढ़त हुई थी। उसके बाद अब अंकित की शादी में यह परंपरा फिर से देखने को मिली है, जिसने लोगों को पुराने दौर की याद दिला दी।
अंकित का कहना है कि वह अपनी शादी को यादगार बनाना चाहते थे। बचपन से ही उनका सपना था कि वह कुछ अलग और खास करें, इसलिए उन्होंने हाथी पर घुड़चढ़ी का निर्णय लिया। परिवार के सहयोग से उनका यह सपना साकार हो सका। वायरल वीडियो के बाद क्षेत्र में लोग इस अनोखी पहल की सराहना कर रहे हैं और इसे यादगार शादी बता रहे हैं।
लावड़ - वायरल वीडियो में हाथी पर घुड़चढ़ी करते अंकित। स्रोत वीडियो ग्रैब।