सरधना। तहसील रोड तिराहे पर गन्ने के ओवरलोड वाहनों के कारण करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। जाम में मरीजों के लेकर जा रही दो एंबुलेंस भी जाम में फंस गईं। एसडीएम अवास के सामने ही वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। काफी मशक्कत और लंबे इंतजार के बाद जाम खुला तो वाहन चालकों ने राहत की सांस ली।
तहसील रोड पर कुछ दिन पहले ओवरलोड ट्रक की चपेट में आने से कई लोग घायल हो गए थे। इस समस्या को लेकर अधिवक्ताओं ने रास्ते पर जाम लगाते हुए धरना प्रदर्शन किया था। इस दौरान मांग की गई थी ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाया जाए। मौके पर पहुंचे एसडीएम और सीओ के समक्ष यह समस्या उठाई गई थी। अधिकारियों ने जल्द कदम उठाने का आश्वासन दिया था, लेकिन यह समस्या दूर नहीं हुई है।
मंगलवार को तहसील रोड पर फिर से करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। इस जाम के चलते एंबुलेंस चालकों के साथ ही अन्य वाहन स्वामी भी परेशान रहे। जाम के कारण मरीजों को भी लगातार परेशान होना पड़ रहा है। इस दौरान आगे निकलने के चक्कर में विवाद भी होता रहा। जब पुलिसकर्मी नहीं पहुंचे तो राहगीरों ने स्वयं ही जाम को खुलवाने की कोशिश की। इस मामले में स्थानीय लोगों के साथ अधिवक्ता भी हंगामा कर चुके हैं। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुलदीप त्यागी सहित अन्य लोगों ने कहा कि जल्द ही समस्या दूर न हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।