फास्टैग व्यवस्था का दूसरा दिन भी रहा जाम के नाम
इंटरनेट सेवाएं बंद रहने से भी प्रभावित हुई व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। फास्टैग व्यवस्था का दूसरा दिन भी जाम के नाम रहा। सोमवार को आने और जाने वाली चार-चार लेन में फास्टैग वाहनों के निकलने की व्यवस्था रखी गई, जबकि दो-दो लेन कैश के लिए रखी गई। इस दौरान फास्टैग वाली लेन दूसरे दिन भी खाली पड़ी रही, जबकि कैश की लेन में वाहनों की लंबी कतारें लगी रही। वहीं जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद होने के चलते भी फास्टैग वाहन चालकों को रिचार्ज करने में परेशानी हुई। इस दौरान टोल प्लाजा की कनेक्टिविटी में भी कई बार समस्या आई, जिसके चलते भी व्यवस्था प्रभावित हुई।
देशभर में टोल प्लाजा को कैशलेस करने और वाहन चालकों को राहत देने के लिए फास्टैग व्यवस्था को 15 दिसंबर से अनिवार्य कर दिया गया है। सोमवार को जहां व्यवस्था का पहला दिन होने के चलते सिवाया टोल प्लाजा पर दिनभर वाहन चालक जाम से जूझते रहे, वहीं दूसरे दिन भी जाम से राहत नहीं मिल सकी। दौराला और मेरठ की ओर से आने जाने वाले वाहनों की कतार कैश की लेन में ही लगी रही, जिससे वाहन चालकों को काफ देर इंतजार करना पड़ा। जबकि फास्टैग की सभी लेन सूनी नजर आईं। बहुत ही कम वाहन इस लेन से गुजरे। वहीं टोल प्लाजा की कनेक्टिविटी कई बार ठप हुई, जिसके चलते फास्टैग वाहनों की स्कैनिंग में समस्या आई और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। रविवार सुबह 8 बजे फास्टैग व्यवस्था शुरू होने से सोमवार सुबह 8 बजे तक टोल प्लाजा से लगभग 18 हजार वाहन गुजरे, जिनमें से करीब 12 हजार वाहन कैश की लेन से निकले, जबकि महज 6 हजार वाहन ही फास्टैग लेन से गुजरे। हालांकि सोमवार को व्यवस्था को बनाए रखने के लिए कर्मचारी दिनभर मुस्तैद नजर आए। हाईवे पर टोल प्लाजा के दोनों ओर बेरिकेटिंग की गई है, ताकि बिना फास्टैग लगे वाहन फास्टैग की लेन से न निकल पाए।
रिचार्ज करने में आई दिक्कत
मोदीपुरम। टोल प्लाजा के मैनेजर प्रदीप चौधरी ने बताया कि जिले में इंटरनेट सेवाएं बंद होने का असर भी फास्टैग पर पड़ा। कई वाहन चालकों का रिचार्ज खत्म हो गया था, कनेक्टिविटी न होने के चलते वे ऑनलाइन रिचार्ज नहीं कर सकें। हालांकि टोल प्लाजा पर फास्टैग रिचार्ज की व्यवस्था है। वहीं कुछ मोबाइल वॉलेट के जरिये भी पेमेंट करने में परेशानी उठानी पड़ी।
अब 100 रुपये में लगेगा फास्टैग
मोदीपुरम। अभी तक सिवाया टोल प्लाजा पर वाहनों पर निशुल्क फास्टैग लगाया जा रहा था, लेकिन समय सीमा समाप्त हो जाने के बाद अब फास्टैग लगवाने आने वाले वाहन चालकों को 100 रुपये शुल्क देना होगा। अभी बड़ी संख्या में वाहन चालकों ने फास्टैग नहीं लगवाया है।
50 प्रतिशत वसूली फास्टैग वाहनों से
टोल प्लाजा पर फास्टैैग वाहनों की संख्या बढ़ी है। सोमवार को करीब 50 प्रतिशत वसूली फास्टैग लगे वाहनों से की गई। इंटरनेट बंद होने के कारण भी थोड़ी परेशानी लोगों को हुई। - श्रीधर नारायण, डायरेक्टर वेस्टर्न यूपी टोल प्लाजा