छह माह से जेल में बंद पूर्व बसपा विधायक योगेश वर्मा रासुका हटने के बाद जेल से रिहा होकर दिल्ली एम्स से इलाज कराने के बाद बृहस्पतिवार को पल्लवपुरम फेज एक स्थित अपने आवास पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि षड़यंत्र के तहत भाजपाइयों ने उन्हें जेल भिजवाया और रासुका लगर्वाई। उच्च न्यायालय ने उन्हें रिहा कर दिया।
एम्स से लौटते वक्त दिल्ली से लेकर मोदीपुरम तक पूर्व विधायक का जगह-जगह बसपा समर्थकों ने स्वागत किया। हाईवे पर बैंडबाजों ढोल नगाड़ों एवं आतिशबाजी के साथ घर पहुंचने पर पूर्व विधायक का स्वागत किया गया। समर्थकों से मिलने के बाद पूर्व विधायक ने अपने आवास पर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि 2 अप्रैल को दलितों का जिस तरह से उत्पीड़न किया गया उसका बदला 2019 के चुनाव में समाज लेगा। इस बार बसपा सुप्रीमो मायावती प्रधानमंत्री बनेंगी। जिन अधिकारियों ने उनका और दलित समाज का उत्पीड़न किया है उन अधिकारियों को सबक सिखाने का काम किया जाएगा। भाजपा नेताओं के इशारे पर उनका उत्पीड़न किया गया। अभी भी दलित समाज के लोग जेलों में बंद है। उन्हें बाहर निकालने की लड़ाई लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि पार्टी ने उन्हें मौका दिया तो वह चुनाव में उतरेंगे और भाजपाइयों को सबक सिखाएंगे। आरोप लगाया कि जब से उनकी पत्नी सुनीता वर्मा महापौर बनी है तब से भाजपा सरकार उनका उत्पीड़न करने में लगी हुई है। जिस जनता ने उनकी पत्नी को महापौर चुना वह उस शहर में दंगा क्यों कराएंगे। इस दौरान सुनीता वर्मा, तुषार वर्मा, राजन वर्मा, संदीप, प्रदीप, राजेंद्र पनवाडी, अमित शर्मा, पवन वर्मा, दीपक वर्मा, मोनू, सोनू, आदि मौजूद रहे।
प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
पल्हैड़ा चौराहे पर डॉ. भीमराव आंबेडकर की मूर्ति पर पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने माल्यार्पण किया। पल्हैड़ा चौराहे पर पहुंचने पर सचिन पल्हैड़ा, पार्षद प्रदीप पल्हैड़ा और इस्लाम पल्हैड़ा ने बैंडबाजों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस्लाम ने माला पहनाकर उनका स्वागत किया। सर्वसमाज के लोगों ने पूर्व विधायक को हर संभव मदद का आश्वासन दिया।
हाईवे पर जाम लगा
हाईवे पर कार्यकर्ताओं ने योगेश वर्मा का भव्य स्वागत किया। इस दौरान हाईवे पर जाम लग गया। व्यवस्था सुचारु करने में पुलिस के पसीने छूट गए। उन्होंने कहा कि समाज के लिए वह छह माह तो क्या छह साल के लिए भी जेल जाने को तैयार हैं। खड़ौली चौपला, शोभापुर, दायमपुर चौपला, श्रद्धापुरी फेज 2 के सामने विधायक के समर्थक, कार्यकर्ताओं ने योगेश वर्मा का फूल माला पहनाकर स्वागत किया। पूर्व पार्षद प्रमोद खड़ौली, पार्षद पति जनरेल मसंद, पार्षद महेशपाल, नवाब सिंह लखवाया, कुक्कू, मनीष लखवाया, विजय पठानपुरा, बब्बू रामपुर पावटी, उमेश जाटव, अरुण जाटव, इरफान मलिक, राजेश कुमार, बंटी जाटव, राजपाल जाटव आदि मौजूद रहे। इससे पूर्व परतापुर तिराहे पर महानगर अध्यक्ष कांति प्रसाद, नवाब सिंह लखवाया, आदेश त्यागी, मसूर उल इस्लाम, राजकुमार जाटव, चतर सिंह जाटव, यशपाल सिंह, कोआर्डिनेटर मुरारीलाल केन आदि ने स्वागत किया।