मंगलवार रात परतापुर टोल प्लाजा के पास से जेई गांव के युवक को हिरासत में लिया गया है। इस संबंध में मेरठ पुलिस से जानकारी ली गई तो इस मामले में कोई आधिकारिक जानकारी नहीं मिली। हालांकि पड़ताल करने पर पता चला कि एटीएस ने सुरक्षा एजेंसियों के इनपुट के आधार पर दोनों को हिरासत में लिया है।
दोनों के मोबाइल को भी टीम ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी मिली है कि थाना धौलाना क्षेत्र के गांव खिचरा के आसिफ राणा का शहजाद भट्टी से लिंक निकलने पर पकड़ा था। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ महीनों से मंदिरों, धार्मिक स्थलों और अन्य संवेदनशील जगहों की वीडियो बनाकर पाकिस्तानी शहजाद भट्टी को भेज रहा था। इससे पूछताछ के बाद ही जेई के युवक और उसके रिश्तेदार को पकड़ा गया है।
जेई गांव में युवक को हिरासत में लेने पर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ युवक को गाजियाबाद के कौशांबी में पकड़े गए संदिग्ध जासूसों से जुड़ा बता रहे हैं, तो कुछ हाल ही में अंबाला में विस्फोट के साथ पकड़े गए मेरठ के आनस से जुड़ा बता रहे हैं।
बताया गया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों शहजाद भट्टी से जुड़े थे। बताया गया है कि शहजाद आईएसआई के लिए काम करता है और भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में रहता है। मेरठ पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि इस संबंध में हापुड़ पुलिस अधिक जानकारी देगी।
मेरठ में पहले भी मिले हैं आतंकी कनेक्शन
-17 नवंबर 2025 में श्रीनगर में पकड़े गए लावड़ निवासी नदीम के आतंकी कनेक्शन की बात सामने आई थी। वह वहां रहकर सैलून चला रहा था।
-27 नवंबर 2025 आतंकी हैंडलर से जुड़े संदिग्ध आतंकी साजिद को गिरफ्तार किया था। मेरठ के बनियापाड़ा निवासी उजैद के उससे संपर्क सामने आए और उसके घर नोटिस चस्पा किया गया।
-19 अक्टूबर 2018 को मेरठ कैंट का जवान कंचन पाकिस्तान को सूचना भेजते पकड़ा।
-27 नवंबर 2015 को एसटीएफ ने मेरठ कैंट से आईएसआई एजेंट इजाज को गिरफ्तार किया।
-16 अगस्त 2014 मेरठ से संदिग्ध आईएसआई एजेंट आसिफ अली गिरफ्तार।