मेरठ। सीएम ग्रिड योजना में सड़क और नाला निर्माण में अनियमितता के आरोप लगने का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंच गया है। सच संस्था अध्यक्ष संदीप पहल और उनके साथियों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर निर्माण कार्य में घटिया सामग्री लगाने की पोल खोली थी। कैंट विधायक अमित अग्रवाल ने शुक्रवार देर रात वेस्टर्न कचहरी रोड स्थित सीएम ग्रिड योजना के तहत निर्माणाधीन सड़क-नाले का निरीक्षण कर जांच कराने की बात कही थी।
गढ़ रोड, वेस्टर्न कचहरी रोड, शास्त्रीनगर सहित शहर में आठ जगह पर सीएम ग्रिड योजना के तहत सड़क-नाला निर्माण का कार्य होना है। इसमें वेस्टर्न कचहरी रोड और गढ़ रोड पर सड़क व नाला निर्माण में अनियमितता के आरोप लगने शुरू हो गए हैं। दोनों जगह पर घटिया सामग्री लगाने और ठेकेदार से मिलीभगत करने के आरोप लोगों ने लगाए हैं। कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं। संदीप पहल ने बताया कि घटिया सामग्री लगाकर निर्माण कार्य कराया जा रहा हैं। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री तक कर दी है।