मेरठ। आईपीएल मैच में शनिवार को दिल्ली और आरसीबी के बीच मुकाबला हुआ। इसमें आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर कुमार और दिल्ली की ओर से समीर रिजवी शामिल रहे। मैच में समीर रिजवी पर भुवनेश्वर कुमार भारी पड़े। भुवनेश्वर कुमार ने महज दो रन के स्कोर पर समीर रिजवी को कीपर के हाथों कैच आउट कराकर चलता कर दिया। हालांकि अंत में दिल्ली ने आरसीबी को छह विकेट से हराकर जीत हासिल की।
समीर रिजवी पूरे टूर्नामेंट में शुरूआत के दो मैचों में काफी अच्छी फार्म में रहे लेकिन इसके बाद लगातार तीन मैच में सस्ते में आउट हो गए। शनिवार को आरसीबी और दिल्ली के बीच हुए मैच में मेरठ के दोनों खिलाड़ी आमने सामने रहे। इसमें भुवनेश्वर कुमार समीर रिजवी पर भारी पड़े। आरसीबी की टीम ने पहले बल्लेबाजी कर कुल 175 रन बनाए। 176 रन के लक्ष्य का पीछा करने हुए दिल्ली की टीम ने अपने तीन विकेट जल्द गिरा दिए। इसमें खास बात मेरठ के भुवनेश्वर कुमार के लिए रही। उन्होंने दिल्ली के शुरूआती तीनों बल्लेबाजों को पवेलियन भेजा। इसमें समीर रिजवी का विकेट भी शामिल रहा। भुवनेश्वर कुमार ने अपने पहले स्पेल में दो फेंके। इसमें उन्होंने तीन विकेट लिए और नौ रन दिए। इसके बाद उन्होंने अपने पूरे चार ओवर गेंदबाजी की। इसमें उन्होंने 26 रन देकर तीन विकेट लिए।