तेज गेंदबाज विजय कुमार और विनीत पंवार घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी से प्रभावित कर रहे हैं। दोनों रणजी ट्रॉफी में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके पास घरेलू क्रिकेट का अनुभव होने के साथ आईपीएल टीमों के साथ नेट गेंदबाज के रूप में काम करने का अनुभव भी है। ऐसे में दोनों को नीलामी में मौका मिलने की उम्मीद है।
बल्लेबाज प्रियम गर्ग पहले भी आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेल चुके हैं। उन्होंने टीम के लिए कई अच्छी पारियां खेली हैं। इन दिनों वह उत्तर प्रदेश की रणजी टीम में भी बल्लेबाजी से अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
ऋतुराज शर्मा ने यूपी टी-20 लीग में खींचा ध्यान
बाएं हाथ के बल्लेबाज ऋतुराज शर्मा उभरते हुए खिलाड़ी हैं। उन्होंने अंडर-23 और सीनियर स्तर पर उत्तर प्रदेश की ओर से अच्छा प्रदर्शन किया है। यूपी टी-20 लीग में मेरठ मेवरिक्स की ओर से खेलते हुए भी उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से सबका ध्यान खींचा था। अब उन्हें आईपीएल नीलामी की अंतिम सूची में जगह मिलने की उम्मीद है।
भुवनेश्वर और समीर रिजवी पहले से टीमों में
मेरठ के दो खिलाड़ी पहले ही आईपीएल टीमों का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) ने अपने साथ बरकरार रखा है। वहीं, बल्लेबाज समीर रिजवी दिल्ली कैपिटल्स की टीम में शामिल हैं। ऐसे में यदि नीलामी में मेरठ के चार अन्य खिलाड़ियों को भी मौका मिलता है तो आईपीएल में शहर की मौजूदगी और मजबूत होगी।
1,220 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
आईपीएल की जानकारी के अनुसार, 2027 की नीलामी के लिए कुल 1,220 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं। हालांकि, सभी खिलाड़ियों को नीलामी में शामिल नहीं किया जाएगा। टीमों की पसंद के आधार पर चार दिसंबर को खिलाड़ियों की अंतिम सूची जारी होगी।
सभी 10 टीमों के पास कुल 66 खिलाड़ियों को खरीदने की जगह खाली है। इनमें अधिकतम 25 विदेशी खिलाड़ी हो सकते हैं। नीलामी 16 दिसंबर को सुबह 11 बजे से गोवा के आईटीसी ग्रैंड गोवा में होगी।