आईपीएल 2026 के लिए मंगलवार को नीलामी हुई। मेरठ के मूल निवासी और वर्तमान में नोएडा में रहने वाले शिवम मावी को हैदराबाद की टीम ने 75 लाख रुपये में अपने दल में शामिल किया। हापुड़ निवासी और विक्टोरिया पार्क में अभ्यास करने वाले कार्तिक त्यागी को केकेआर ने 30 लाख रुपये में खरीदा। कर्ण शर्मा को कोई खरीदार नहीं मिला।
2022 में 7.25 करोड़ में बिके थे शिवम मावी
वर्ष 2022 में शिवम मावी को केकेआर ने 7.25 करोड़ रुपये में अपने दल में शामिल किया था। तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी को भी वर्ष 2022 में हैदराबाद ने 4 करोड़ में खरीदा था।
कर्ण शर्मा पर नहीं लगी बोली
मेरठ के लेग स्पिनर कर्ण शर्मा की बात करे तो आईपीएल 2026 के लिए किसी टीम ने उनमें दिलचस्पी नहीं दिखाई। कर्ण शर्मा का बेस प्राइस 50 लाख रुपये रखा गया था, लेकिन किसी टीम ने उन्हें अपने दल में शामिल नहीं किया और वह अनसोल्ड रहे।
पिछले सीजन में वह मुंबई की टीम में थे, जिसने उन्हें रिलीज कर दिया था। कर्ण शर्मा 2017 से 2020 तक 5 करोड़ में चेन्नई के साथ थे। इसके अलावा कई सीजन में वह खेले, लेकिन इस बार उन्हें किसी ने नहीं खरीदा।
भुवनेश्वर कुमार और समीर रिजवी किए जा चुके हैं रिटेन
भुवनेश्वर कुमार को आरसीबी की ओर से 10.75 करोड़ रुपये में और समीर रिजवी को दिल्ली की ओर से 95 लाख रुपये में रिटेन किया गया है। पिछले साल भी यह दोनों खिलाड़ी इन टीमों के लिए खेले थे। भुवनेश्वर कुमार इतनी धनराशि पाकर मेरठ के खिलाड़ियों में सबसे अधिक रुपये में बिकने वाले खिलाड़ी हैं।