भैंसा में घर में 10 आक्सीजन सिलिंडर मिलने की जांच जारी
मवाना। बुधवार रात गांव भैंसा में एक घर से बरामद 10 आक्सीजन सिलिंडरों के संबंध में पुलिस जांच करने में जुटी है। पता लगा रही है कि कहीं कोरोना काल में इनकी कालाबाजारी तो नहीं की गई।
बुधवार रात पुलिस ने गांव भैंसा में एक घर से 10 आक्सीजन सिलिंडर बरामद किए थे। हालांकि पुलिस का दावा है कि सिलिंडर खाली थे। जबकि आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका था। पुलिस ने मामले में जांच की बात कही थी। जिसके यहां से सिलिंडर बरामद हुए थे, उसे भाजपा नेता का भाई बताया जा रहा है।
थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर ने बताया कि उक्त सिलिंडर के बिल आदि दिखा दिए हैं। उसने बताया है कि पहले उसकी कपिल सिनेमा के पास मिल रोड पर दुकान थी। जिसे उसने खाली कर दिया था तथा सिलिंडर घर लाकर रख लिए। उसने बताया कि वह आक्सीजन के साथ कार्बन डाई आक्साइड के सिलिंडर का भी काम करता है। जिन्हें वह वेल्डिंग वालों तथा आक्सीजन के सिलिंडर शिकंजी वालों को देता था। थाना प्रभारी ने बताया कि सिलिंडर अभी पुलिस के पास हैं तथा जांच जारी है। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।