2016 में कांधला के गंगेरू निवासी व्यक्ति पाकिस्तान से छह पिस्टल और नशीले पदार्थ के साथ पकड़ा गया था। 2018 में कैराना क्षेत्र का व्यक्ति कुकर में छिपाई गई पिस्टल के साथ पकड़ा जा चुका है। हाल ही में हरियाणा के रोहतक क्षेत्र में सुरेंद्र की हत्या में इस्तेमाल हथियार को सप्लाई करने में भी कैराना क्षेत्र के इंसार का नाम सामने आया है।
इसी को देखते हुए गणतंत्र दिवस को अधिकारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं। खुफिया विभाग की टीमें भी सक्रिय हो गई हैं। सार्वजनिक स्थानों के साथ रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटल व धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों पर गोपनीय तरीके से निगाह रखे हुए हैं।
इसके साथ ही ऐसे लोगों पर खास निगाह रखी जा रही है, जो लोग बार-बार पाकिस्तान की यात्रा पर जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो जिले के एक व्यक्ति का एक साल छह-सात बार पाकिस्तान की यात्रा करने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी मिलने पर खुफिया विभाग ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। इस तरह के कई अन्य लोगों की भी निगरानी की जा रही है।