कार्तिक पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं को गंगा घाट पर जाने से रोकने के निर्देश
हस्तिनापुर। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान स्थगित होने के संबंध में एसडीएम ने थाने में बैठक की। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण गंगा घाटों पर जाने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को रोका जाए। लोगों से घरों में ही पूजा-अर्चना कराने की अपील की जाए।
मखदूमपुर गंगा घाट पर हर साल जिला पंचायत के सौजन्य से मेला लगाया जाता है, लेकिन इस बार कोरोना के कारण इस बार मेले को स्थगित कर दिया गया है। इसकी सूचना जिला पंचायत ने शनिवार को प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी थी। रविवार को एसडीएम कमलेश गोयल ने थाना पुलिस के साथ एक बैठक की। उन्होंने थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह को निर्देशित किया कि कोरोना के कारण कई प्रदेशों में स्थिति बहुत नाजुक है। इसलिए पूर्णिमा के अवसर पर गंगा घाटों पर जाने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को रोका जाए। वहीं पुलिस को निर्देश दिए कि बिना मास्क घर के बाहर घूम रहे लोगों पर कार्रवाई करें। कोरोना की गाइड लाइन का पालन कराएं। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि मास्क न लगाने वालों के खिलाफ थाना पुलिस अभियान चला रही है।