मवाना/बहसूमा। थाना परिसर में थाना प्रभारी ने सभी धर्मों के गुरुओं की बैठक ली। उन्होंने धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर की आवाज परिसर तक ही सीमित रखने और मात्र एक ही लाउडस्पीकर लगाने को कहा। थाना परिसर में धर्म गुरुओं की बैठक में थाना प्रभारी राजेश कांबोज ने कहा कि सुबह व शाम के समय पूजा व नमाज के दौरान लाउडस्पीकर की आवाज काफी तेज रहती है। लाउडस्पीकर की आवाज ऐसे सीमित रखें कि वह भवन परिसर से बाहर न जाए। दो लाउडस्पीकर लगे हैं तो उसमें से एक स्वयं ही उतार लें।
बैठक में शहर काजी मौलाना नफीस एवं मस्जिद के उलमाओं ने शादी समारोह में तेज आवाज में देर रात तक बजने वाले डीजे पर रोक लगाने व नगर के बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने की मांग की। थाना प्रभारी ने समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। बहसूमा थाना परिसर में थाना प्रभारी इंदु वर्मा ने शासन के निर्देश पर सभी धर्म गुरुओं की बैठक ली। बैठक में मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, चर्च आदि में बजने वाले लाउडस्पीकर उतरवाने व बंद कराने की अपील की। थाना प्रभारी ने कहा कि शासन के आदेश पर यह कार्रवाई की जा रही है। थाना प्रभारी ने सभी धर्म के गुरुओं से कहा कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा व चर्च आदि में चारों ओर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं। इसके बाद थाना प्रभारी ने पुलिसकर्मियों को साथ लेकर गांव-गांव जाकर धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकर उतरवाए। इस मौके पर हरजिंदर सिंह, सतवीर भाटी, हरचंद सिंह, लोकेंद्र सिंह, शकील अहमद, जयभगवान, मोहम्मद अजहर, उपदेश कुमार, रकम सिंह आदि रहे।