मेरठ। प्रमुख सचिव ऊर्जा नरेंद्र भूषण ने विकास भवन के सभागार में विकास और बिजली से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक की। उन्होंने सरकारी कार्यालयों एवं आवासों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के निर्देश दिए। कहा, स्मार्ट मीटर लगाने से प्रतिदिन की बिजली खर्च का लेखा-जोखा उपभोक्ता के मोबाइल पर दिखेगा। बिल संबंधी समस्याओं से निजात मिलेगी।
उन्होंने कहा कि विद्युत चोरी तथा विद्युत लाइन हानियों को न्यूनतम करने के लिए सकारात्मक प्रयास प्राथमिकता पर किए जाएं। उन्होंने पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत का उपयोग करने पर बल दिया। सरकार की प्राथमिकता हर घर को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति देना है।
प्रमुख सचिव ऊर्जा ने कहा कि ऊर्जा सेक्टर को स्काडा आदि आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर और सुदृढ़ किया जाएगा। स्काडा सिस्टम से लाइन में ख़राबी का ऑनलाइन पता लगाया जा सकेगा। बैठक में डीएम दीपक मीणा, एनके मिश्र निदेशक तकनीकी, मुख्य अभियंता धीरज सिन्हा, यदुनाथ राम, अधीक्षण अभियंता प्रशांत कुमार, धर्म विजय आदि अधिकारी मौजूद रहे।