आयुषी का फाइल फोटो और गिरफ्तार किया गया आरोपी
- फोटो : अमर उजाला
दिल्ली पुलिस के सब इंस्पेक्टर की बेटी से तुलसी कॉलोनी के सामने स्कूटी सवार दो बदमाशों ने मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर उसे धक्का देकर भाग निकले। लेकिन यह साहसी छात्रा शांत नहीं बैठी और मोबाइल फोन में लगे ट्रैकर के सहारे पुलिस लेकर बदमाशों के ठिकाने तक पहुंच गई। वहां मिले बदमाश को पहचानते ही हॉकी से धुन दिया। पुलिस ने बदमाश गिरफ्तार कर मोबाइल फोन, चोरी की स्कूटी और एक तमंचा बरामद कर लिया।
ये था मामला
मूल रुप से नोएडा निवासी कर्मवीर सिंह दिल्ली पुलिस में सब इंस्पेक्टर हैं। वर्तमान में कंकरखेड़ा के श्रद्धापुरी फेस-2 में परिवार के साथ रह रहे हैं। उनकी बेटी आयुषी नोएडा स्थित एमिटी यूनिवर्सिटी से बीबीए कर रही है। मंगलवार शाम वह स्कूटी से सहेली शिवानी के घर जा रही थी। जब तुलसी कॉलोनी के सामने पहुंचीं तो पीछे से आए स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उससे मोबाइल फोन लूट लिया था। विरोध करने पर मारपीट की और आयुषी को धक्का देकर फरार हो गए थे। सूचना पर पुलिस भी पहुंची थी। आयुषी थाने पर तहरीर देकर घर चली गई थी।
अपमान का बदला लूंगी
घर पर माता-पिता ने आयुषी को समझाया कि कोई बात नहीं, दूसरा मोबाइल दिला देंगे। लेकिन आयुषी का कहना था कि बदमाशों ने उसका जो अपमान किया, उसका बदला लेकर रहूंगी। बकौल आयुषी उसने मोबाइल फोन में ट्रैकर लगाया हुआ था, जिसे अपनी ई-मेल आईडी से कनेक्ट किया था। छात्रा ने सहेली की मदद से मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो मोबाइल फोन ऑन मिला और उसकी रनिंग लोकेशन सरधना रोड स्थित ड्रीम सिटी की आई।
खुद बुलाई पुलिस
छात्रा अपने पिता और कंकरखेड़ा पुलिस को साथ लेकर ड्रीम सिटी पहुंची। लेकिन वहां आसपास कोई बिल्डिंग या मकान नजर नहीं आया। सिर्फ एक ढाबा था। जबकि लोकेशन बार-बार वहीं की आ रही थी। छात्रा पुलिस को लेकर ढाबे में घुस गई तो वहां पर सफेद रंग की स्कूटी खड़ी थी। अंदर देखा तो लूट करने वाला बदमाश ढाबे पर खाना खा रहा था।
पढ़ें : ‘धैर्य’ गया तो उजड़ गई सुरेश की दुनिया, भाई का बेटा लिया था गोद