फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Meerut News: चीनी मांझे से दरोगा घायल, अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज

विज्ञापन
विज्ञापन
शहर में चीनी मांझे का प्रयोग जानलेवा साबित हो रहा है। लोहिया नगर थाने की जाकिर कालोनी चौकी पर तैनात दरोगा रिषभ गुप्ता चीनी मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। संतोष हॉस्पिटल के पास यह हादसा तब हुआ जब दरोगा चौकी से थाने की ओर जा रहे थे। इस दौरान हवा में लटका तेज धार वाला मांझा अचानक उनकी ठोड़ी और गाल में उलझ गया जिससे गंभीर चोटें आईं।
विज्ञापन


हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दरोगा रिषभ गुप्ता को संतोष हॉस्पिटल में भर्ती कराया। वहां उनके 18 टांके आए और दो घंटे की देखरेख के बाद उन्हें छुट्टी मिल गई। इस घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि यह घटना शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई। उन्होंने कहा कि चीनी मांझा बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है और सख्त चेतावनी दी है कि जो भी चीनी मांझा बेचेगा या इसका प्रयोग करेगा उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसएसपी डाॅ. विपिन ताडा और एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने लोहिया नगर पुलिस को तत्काल उपचार सुनिश्चित करने और दरोगा के परिजनों को सूचित करने के निर्देश दिए थे।
विज्ञापन

वसंत पंचमी पर दो लोग हुए थे घायल
वसंत पंचमी पर शुक्रवार को भी चीनी मांझे की चपेट में आने से कमिश्नरी चौराहे और कंकरखेड़ा में दो लोग घायल हो गए थे। कमिश्नरी चौराहे पर हुए हादसे में एक व्यक्ति के गले पर चीनी मांझे से जख्म हो गया था। उन्होंने मफलर बांध रखा था इस वजह से बड़ा हादसा होने से बच गया था। वहीं कंकरखेड़ा थाने के सामने हुए हादसे में एक व्यक्ति की अंगुलियां कट गई थीं।

पहले भी हो चुके हादसे

जनवरी 2025 : पीवीएस रोड के पास 21 वर्षीय सुहेल की चाइनीज मांझे से गला कटने से मौत हो गई। दोस्त नवाजिश की भी नाक कट गई थी।

इसी माह दो साल की मासूम बच्ची इशरा मांझे की चपेट में आ गई। उसे 35-36 टांके लगाने पड़े थे। इसी महीने होमगार्ड आशिक अली का चेहरा भी मांझे से कट गया था।

फरवरी 2025: शास्त्रीनगर में साजिद (32) चीनी मांझे से घायल हो गए थे। उन्हें 16 टांके लगाने पड़े थे।

मार्च 2025: हापुड़ रोड पर बाइक पर जाते समय युनूस की गर्दन कट गई थी। उन्हें 35 टांके आए थे।

दिसंबर 2025 : सदर बाजार में बालाजी मंदिर के पास बाइक सवार तनुज का होंठ और चेहरा चीनी मांझे से बुरी तरह कट गया था। उन्हें 17 टांके लगाने पड़े थे।

जनवरी 2026 : मंगलवार को चीनी मांझे की चपेट में आने से एक युवक की गर्दन कट गई और कई टांके लगाने पड़े।


टीपी नगर व लिसाड़ी गेट से 13 चरखी चीनी मांझा बरामद

मेरठ। शहर में चीनी मांझे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 13 चरखी चीनी मांझा बरामद किया है। टीपी नगर पुलिस ने आठ चरखी मांझे के साथ दो आरोपियों मलियाना निवासी विपुल और साबुन गोदाम निवासी लोकेश को पकड़ा। वहीं लिसाड़ी गेट पुलिस ने पांच चरखी मांझे के साथ आरोपी असलम को गिरफ्तार किया। पुलिस ने जब्त किए गए मांझे को सीज कर दिया है। तीनों आरोपियों को नोटिस तामिल कराने के बाद थाने से छोड़ दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें