यूपी के मेरठ जिले में हापुड़ रोड स्थित 44वीं वाहिनी पीएसी परिसर से एक कांस्टेबल की इंसास राइफल चोरी हो गई। इस घटनाक्रम के बाद कांस्टेबल को एक कॉल आई और उसने हथियार लौटाने की एवज में साढ़े तीन लाख रुपये की डिमांड की। इस मामले में खरखौदा थाना में चार लोगों के खिलाफ एफआईआर कराई गई है।
बता दें कि 28 जून की दोपहर दो बजे पीएसी परिसर के कमांड हाउस में हेड कांस्टेबल गुरुदेव सिंह नियुक्त थे। कमांड हाउस से दल नायक मुकेश कुमार को फोन पर सूचना दी गई कि वहां से एक इंसास राइफल गायब हो गई है, जो कांस्टेबल प्रेमवीर कुमार के नाम पर आवंटित थी।
सूचना पाते ही दल नायक कमांड हाउस में पहुंचे और वहां मौजूद सभी कांस्टेबलों से पूछताछ की। सभी कमरों में छानबीन की गई, लेकिन इंसास का कोई पता नहीं लगा। हेड कांस्टेबल गुरुदेव सिंह ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने उनसे यह कहा कि चोरी हुई राइफल उनके पास है। यदि वह हथियार को वापस पाना चाहते हैं तो साढ़े तीन लाख रुपए का इंतजाम कर लें, वरना मुकदमा झेलने के लिए तैयार रहें।