बुलेट बाइक के पीछे 250 मीटर तक घिसटता रहा मासूम
मेरठ। मेडिकल क्षेत्र के जागृति विहार में शनिवार को घर के बाहर खेल रहा बच्चा बुलेट बाइक की चपेट में आ गया। इस दौरान बच्चे का कपड़ा बुलेट में लिपट गया, जिससे बच्चा 250 मीटर तक सड़क पर घिसटता चला गया। जिस पर परिजनों और आसपास के लोगों ने हंगामा कर दिया।
पुलिस के अनुसार, जागृति विहार सेक्टर-8 निवासी चार वर्षीय आरब पुत्र भागमल घर के बाहर खेल रहा था। तभी एक बुलेट बाइक ने बच्चे को अपनी चपेट में ले लिया। बच्चा घिसटता रहा और आसपास के लोग बाइक का पीछा करते रहे। आरोपी प्रवेश विहार के रास्ते भाग निकला।
एसओ मेडिकल कुलवीर सिंह का कहना है कि बच्चा करीब 250 मीटर तक बाइक के साथ घिसटता चला गया। बच्चे को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां से उसे निजी अस्पताल में रेफर करा लिया। इस संबंध में पुलिस को तहरीर नहीं दी गई है। आरोपी के परिजनों ने इलाज कराने का आश्वासन बच्चे के परिजनों को दिया है।