खेड़ी कला गांव के मुख्य मार्ग पर भरे पानी से राहगीर परेशान, शिकायतों पर भी नहीं हो रही कार्रवाई
-हादसों का भर डर सता रहा, प्रशासन ने की कार्रवाई की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। गांव खेड़ी कलां के बाहरी छोर पर स्थित मुख्य मार्ग पर लंबे समय से जलभराव से ग्रामीण परेशान हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूल जाने वाले बच्चों को हो रही है। छोटे बच्चे सड़क पर भरे पानी के बीच से नहीं निकल पा रहे। हादसों का भी डर बना है।
जलभराव के कारण मार्ग पर फिसलन बनी रहती है। जिससे दुर्घटना की आशंका भी लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग हर्रा और खिवाई कस्बे को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। प्रतिदिन दोनों कस्बों के सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते है। बारिश के बाद हालात और अधिक खराब हो जाते है।बिना बरसात के भी गंदा पानी जमा रहने से बदबू और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा बना है। ग्रामीण फहीम, मुज्जमिल, फुरकान, फाहत और रिजवान ने बताया कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। नाली की समुचित व्यवस्था न होने और सड़क की ऊंचाई कम होने के कारण पानी की निकासी नहीं हो पा रही है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द जलनिकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए और सड़क की मरम्मत कर समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि ग्रामीणों और स्कूली बच्चों को राहत मिल सके। इस संबंध आरके सिंह का कहना है कि रोड की मरम्मत के लिए संबंधित विभाग को पत्र जारी कर समस्या से अवगत कराया जाएगा। जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान किया जाएगा।