रोहटा। मेरठ-बड़ौत मुख्य मार्ग पर बृहस्पतिवार रात सामने से आ रहे टेंपो व बाइक में जबरदस्त टक्कर हो गई। जिसमें घायल की शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई।
जानी थाना क्षेत्र के गांव खानपुर निवासी विनीत चिकारा (48) पुत्र राजेंद्र सिंह बाइक पर सवार होकर बृहस्पतिवार रात मेरठ-बड़ौत मार्ग स्थित पूठखास गांव आ रहा था। वह आजमपुर गांव के सामने पहुंचा तो सामने से आ रहे एक टेंपो से टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार विनीत चिकारा सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायल को मेरठ जिला अस्पताल में भर्ती कराया। हालांकि उसकी शुक्रवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने विनीत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक की मौत की सूचना पाकर परिजनों में कोहराम मच गया। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजनों की ओर से तहरीर नहीं दी गई थी। वहीं, थाना पुलिस का कहना है तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। संवाद