संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। सेवा संकल्प अभियान के तहत भाजपा जनप्रतिनिधियों की ओर से नए कार्य कराए जा रहे हैं। सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर छत्ता अनंतराम गुजरी बाजार के जीर्णोद्धार के कार्य का शुभारंभ किया। सांसद ने बताया कि 16वीं शताब्दी में निर्मित इस मंदिर में खोदाई के दौरान शिवलिंग प्रकट हुए थे। 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम में यह मंदिर क्रांतिकारी नाना साहब पेशवा व धुंधु पंत के संगठन का केंद्र रहा। मंदिर के पुजारी पंडित हरिदास साधु वेश में क्रांति का प्रचार करते थे।
उन्होंने बताया कि वर्ष 1973 में मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए श्री विश्वनाथ महादेव मंदिर समिति का गठन किया गया। 1974 में ज्योतिष पीठाधीश्वर जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज इस मंदिर में आए थे। मंदिर में मौजूद पीपल के पेड़ पर 1857 में अंग्रेजों ने क्रांतिकारियों को फांसी दी थी। मंदिर में मरम्मत, छत ठीक कराने और रंगाई-पुताई का कार्य शुरू हुआ। इस अवसर पर राजकिशोर रस्तोगी, विवेक वाजपेयी, नरेंद्र उपाध्याय, संजय शर्मा, रिजवान, राजीव काले, बलराज गुप्ता, आकाश धवन, रविंद्र कौशिक, कुलदीप वाल्मीकि, संदीप रेवड़ी आदि उपस्थित रहे।