रोहटा। ब्लॉक क्षेत्र के गांव सलाहपुर में क्वारंटीन में रह रहे जमातियों में से एक कोरोना पॉजीटिव मरीज मिलने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वहीं, प्रशासन ने सलाहपुर गांव को पूर्ण रूप से सील कर दिया। साथ ही वहां मौजूद जमात के अन्य दस लोगों को शेल्टर हाउस परतापुर में शिफ्ट कर दिया।
गाजियाबाद स्थित जन्नत मस्जिद में सलाहपुर गांव के ग्यारह जमात सदस्य शामिल थे। ये लॉकडाउन के बाद गांव की मस्जिद में पहुंचे थे। वहीं, पूठखास गांव में भी नौ जमातियों को लॉकडाउन के चलते राजकीय इंटर कॉलेज में क्वारंटीन किया हुआ है। चार दिन पहले सलाहपुर और पूठखास में ठहरे बीस जमातियों के सैंपल लेकर जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे थे। जिनमें रविवार रात जांच रिपोर्ट आने पर सलाहपुर गांव की मस्जिद में क्वारंटीन कर रहा एक युवक पूठखास निवासी है। उसको कोरोना पॉजीटिव होने की पुष्टि हुई। रिपोर्ट आने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया। देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने संक्रमित युवक को एम्बुलेंस द्वारा पांचली स्थित आइसोलेशन सेंटर में भर्ती कराया। वहीं, उसके अन्य दस साथियों को प्रशासन ने परतापुर स्थित शेल्टर होम में शिफ्ट कराया। बताया कि मुंडाली का आड़ गांव निवासी कोरोना पीड़ित भी इसके साथ गाजियाबाद से आया था। इस दौरान एसडीएम सदर अंकित खंडेलवाल, सीएचसी प्रभारी रोहटा डॉ. विपिन कुमार ने सलाहपुर गांव को हॉट स्पॉट घोषित होने पर पूर्ण रूप से सील कराया। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव सलाहपुर में ऐसे लोगों को तलाश रही है जो इन जमातियों के संपर्क में आए हैं। वहीं, अधिकारियों ने ग्रामीणों से लॉकडाउन का गंभीरता से पालन करने के लिए कहा। किसी भी परेशानी के लिए रोहटा थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह ने तुरंत कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
सलाहपुर में पसरा सन्नाटा
रोहटा। गांव सलाहपुर को कोरोना पॉजीटिव मिलने के बाद प्रशासन ने हॉट स्पॉट घोषित कर दिया। जिसके चलते प्रशासन ने सलाहपुर को पूर्ण रूप से सील कर दिया। गांव के गली-मोहल्ले में बल्ली बांधकर रास्ते बंद कर दिए हैं। बीडीओ राजीव वर्मा ने बताया कि हॉट स्पॉट घोषित होने पर सलाहपुर गांव में राशन, सब्जी और दूध की होम डिलीवरी की व्यवस्था कराई जाएगी। जिसके लिए दुकानदारों के पास जारी किए जाएंगे। सीएचसी प्रभारी डॉ. विपिन कुमार ने बताया कि सलाहपुर और पूठखास गांव में छह-छह टीमें लगाई गई हैं। ये घर-घर जाकर संभावित लक्षणों वाले ग्रामीणों का सर्वे करेंगी। तीन दिन में संपूर्ण सर्वे कर रिपोर्ट सीएचसी में जमा करेंगी। इस दौरान सीएचसी टीम ने कोरोना संक्रमित युवक के परिजनों की स्क्रीनिंग जांच की।