- बैठक में उद्यमियों ने व्यावहारिक दिक्कतें रखीं
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ( आईआईए ) की ओर से मंगलवार को आईआईए भवन मोहकमपुर फेस प्रथम में श्रम विभाग और कारखाना विभाग से संबंधित नए नियमों को लेकर बैठक हुई। मुख्य अतिथि उप श्रमायुक्त राजेश मिश्रा और उप निदेशक कारखाना रविन्द्र कुमार रहे।
आईआईए अध्यक्ष अंकित सिंघल ने कहा कि नए श्रम कानून लागू हो गए हैं। लेकिन इनके क्रियान्वयन में उद्यमियों को कुछ समय लगेगा। विभाग उद्यमियों का सहयोगी बनकर नियमों को लागू कराने में मदद करे। सहायक श्रमायुक्त अवधेश सिंह ने सहयोग का आश्वासन देते हुए जल्द से जल्द सरकारी दिशा निर्देशों का अनुपालन करने को कहा। उद्यमियों को बैठक में स्पष्ट किया गया कि 50 प्रतिशत बेसिक पे, भत्तों और टेक-होम सैलरी, फिक्स्ड टर्म कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, बोनस, काम के घंटे और ओवरटाइम, अवकाश, 40 वर्ष से अधिक उम्र के कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण, सेफ्टी कमेटी, महिला कर्मचारियों की नाइट शिफ्ट, सिंगल विंडो रजिस्ट्रेशन, डिजिटल मास्टर रजिस्टर और थर्ड पार्टी ऑडिट सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।
बैठक में आईआईए उपाध्यक्ष विभोर अग्रवाल, एएन मल्होत्रा, आशीष अग्रवाल, इंशु बंसल, इशान गुप्ता, मनु रसतोगी, निपुण जैन सहित श्रम निरीक्षक रघुवर यादव, विनय दुबे, शशि कांत पाण्डेय, सुनील कुमार, सहायक निदेशक कारखाना रवि प्रकाश और विवेक शाश्वत मौजूद रहे।