- उद्योगपुरम बिजलीघर के जर्जर तार और पुराने उपकरण बदलने पर भी हुई चर्चा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। परतापुर में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ उद्यमियों की बैठक हुई। बैठक में औद्योगिक इकाइयों के सामने आ रही बिजली संबंधी समस्याओं पर चर्चा हुई।
लघु उद्योग भारती की ओर से प्रदेश सचिव राजकुमार शर्मा ने सुझाव दिया कि दिल्ली रोड के औद्योगिक क्षेत्र में लाइन फाल्ट, जम्पर उड़ने और तार टूटने जैसी समस्याओं के तत्काल समाधान के लिए अलग टीम बनाई जाए। उद्योगपुरम की समस्याओं पर भी अधिकारियों का ध्यान दिलाया गया है। बैठक में जर्जर तार शीघ्र बदलने, बिजलीघर में लगे पुराने और कम क्षमता वाले उपकरणों को बदलने तथा उद्योगपुरम बिजलीघर के कंट्रोल रूम को अगली बरसात से पहले नए सिरे से तैयार करने पर चर्चा हुई। पुराने बिजली के खंभे बदलने का मुद्दा भी उठाया गया।
बैठक में मेरठ मंडल महासचिव पंकज जैन तथा विद्युत निगम की ओर से एग्जीक्यूटिव इंजीनियर धर्मवीर सिंह, एसडीओ अजित सिंह, जूनियर इंजीनियर नेम चंद और राजेश सिंह शामिल रहे।