औद्योगिक क्षेत्र के लिए 2 लाख मीटर भूमि की तलाश
मवाना रोड, मोहिउद्दीनपुर गेझा, बागपत रोड में किसी दो स्थानों पर औद्योगिक क्षेत्र और फैक्ट्री फ्लेटेड कांपलेक्स निर्माण के जमीन की तलाश की जा रही है।
एमडीए, यूपीएसआईटीसी, जिला उद्योग केंद्र, चेंबर ऑफ कामर्स और लघु उद्योग भारती की पांच सदस्य टीम गठित की गई। रोडवेज चेंबर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष बिजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि पांचों सदस्यों की बैठक बुलाने की प्रक्रिया पर कार्य किया जा रहा है।
2023 में हवाई उड़ान का सपना पूरा होगा
मेरठ के लिए हवाई उड़ान का सपना जल्द ही पूरा होने जा रहा है। राज्यसभा सदस्य लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने छोटे प्लेन उड़ाने के लिए प्रस्ताव राज्यसभा में रखा है। इसके साथ ही प्रक्रिया पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। 72 सीटर विमान उड़ाने की व्यवस्था वर्ष 2023 में संभव हो जाएगी।
ज्वेलरी पार्क की लागत 90 करोड़
बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन के द्वारा लगातार 6 माह से नई सड़क पर नगर निगम से फैक्ट्री फ्लेटेड कांपलेक्स और ज्वेलरी पार्क की मांग की जा रही है। महामंत्री विजय आनंद अग्रवाल ने बताया कि नगर निगम से लीज पर जमीन मांगी गई है।
आर्किटेक्स और इंजीनियर्स के द्वारा सर्वे किया गया है। 23, 000 स्क्वायर मीटर क्षेत्र के निर्माण में लगभग 90 करोड़ की लागत आएगी। इससे 3500 कारीगरों को रोजगार मिलेगा। कोषाध्यक्ष आकाश मांगलिक ने बताया कि ज्वेलरी पार्क निर्माण से प्रति वर्ष 10 हजार करोड़ का कारोबार संभावित है।
शहर ने 7 हजार करोड़ का लक्ष्य प्राप्त किया
यूपी इनवेस्टर्स समिट के लिए जिला मेरठ को 7 हजार करोड़ का लक्ष्य दिया गया। उपायुक्त उद्योग दीपेंद्र कुमार ने बताया कि 2 हजार करोड़ एमएसएमई और 4 हजार करोड़ लार्ज स्केल में लक्ष्य प्राप्त कर लिया है। मेरठ मंडल को 30 हजार करोड़ का लक्ष्य दिया गया है।