भारत बंद आज, भीड़ आई तो थानेदार होंगे निलंबित
मेरठ। भीम आर्मी के भारत बंद के ऐलान के इनपुट पर पुलिस प्रशासन ने शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। एसएसपी अजय साहनी ने शनिवार को सभी थानेदारों को निर्देश दिए। कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में भीड़ सड़क पर उतरी तो थानेदार निलंबित किए जाएंगे। सीओ भी जिम्मेदार होंगे।
एससी/एसटी एक्ट में संशोधन के विरोध में दो अप्रैल 2018 को उपद्रवियों ने जमकर हंगामा किया था। इस दौरान कंकरखेड़ा हाईवे पर वाहनों में तोड़फोड़ व आगजनी और शोभापुर पुलिस चौकी को आग के हवाले कर दिया गया था। आंबेडकर चौक पर भी पुलिस के वाहनाें में आगजनी की थी। घटना में पूर्व विधायक समेत 200 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। खुफिया विभाग ने पुलिस प्रशासन को जानकारी दी कि पदोन्नति में आरक्षण, सीएए और एनआरसी को लेकर 23 फरवरी को भीम आर्मी द्वारा भारत बंद का ऐलान किया गया। इस संबंध में पुलिस प्रशासन ने शनिवार को सोतीगंज, सदर बाजार, परतापुर, टीपीनगर, मवाना, परीक्षितगढ़ समेत अन्य स्थानों पर मीटिंग कर निर्देश दिए कि यदि धरना प्रदर्शन, जुलूस या दुकानें बंद कराई तो पुलिस सख्ती से निपटेगी।
एसपी सिटी डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि शहर को 5 जोन, 15 सेक्टर और 42 सब सेक्टर में बांटा गया है। चार एडिशनल एसपी, दस सीओ लगाए गए हैं। शहर में एक कंपनी आरएएफ, तीन कंपनी पीएसी और 400 दरोगा व हेड कांस्टेबल के अलावा सभी थानों की फोर्स लगाई गई है। एसपी सिटी ने बताया कि दो अप्रैल 2018 को जिन क्षेत्रों में ज्यादा हिंसा हुई थी, वहां अतिरिक्त फोर्स लगाया गया है। पुलिस ने दो अप्रैल की हिंसा में जेल जाने वाले आरोपियों के घर दबिश देकर चेतावनी दी है। बिना अनुमति जुलूस, धरना प्रदर्शन पर रोक है। बिना अनुमति ज्ञापन भी नहीं दिया जाएगा।