संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की प्रभात नगर कॉलोनी में दो भाइयों के बीच हुए झगड़े की सूचना पर मौके पर पहुंचे उपनिरीक्षक (एसआई) के साथ एक पक्ष द्वारा अभद्रता करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कार्यवाहक थानाध्यक्ष एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार शाम करीब आठ बजे प्रभात नगर कॉलोनी में दो भाइयों शीशपाल और कृष्णपाल के बीच विवाद की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना पर एसआई संदीप कुमार मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
आरोप है कि इसी दौरान शीशपाल ने एसआई के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए गलत भाषा का प्रयोग किया और सरकारी कार्य में बाधा डाली। पुलिस के अनुसार आरोपी का व्यवहार आक्रामक था, जिससे मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
घटना के बाद एसआई संदीप कुमार ने थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी शीशपाल को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया जहां से उसे जेल भेज दिया गया।