खेड़ी में गंगा का जल स्तर बढ़ने पर हुआ कटान।
- फोटो : MAWANA
हस्तिनापुर। गंगा यात्रा को लेकर गंगा के जलस्तर में की गई वृद्धि से गंगा किनारे स्थित खेतों के लिए मुश्किल हो गई है। बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी से खेतों का कटान हो रहा है। किसानों की मांग है कि यात्रा यहां से गुजर चुकी है अब जलस्तर कम होना चाहिए।
सोमवार और मंगलवार को खादर क्षेत्र से होकर गुजरी गंगा यात्रा को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों ने टिहरी बांध से गंगा में जलस्तर बढ़ाने के लिए पानी छुड़वाया हुआ था क्योंकि गंगा का जलस्तर कम होने से स्टीमर नहीं चल पा रहे थे। अब 27, 28 जनवरी को गंगा यात्रा का कार्यक्रम हो चुका है। उसके बाद भी गंगा में लगातार पानी छोड़ा जा रहा है। बुधवार शाम तक 13 हजार क्यूसेक पर चल रहा था। जिससे क्षेत्र के फतेहपुर प्रेम, सीरजोपुर, भीकुंड, खेड़ी कला, मखदुमपुर और जलालपुर जोरा में गंगा किनारे खेतों का कटान हो रहा है। कटान से किसान सहमे हैं। किसानों का कहना है कि अब क्षेत्र से गंगा यात्रा गुजर गई है अधिकारियों को गंगा का जलस्तर सामान्य कराना चाहिए। किसानों के मुताबिक अगर जलस्तर लगातार बढ़ा तो खेतों में तैयार गेहूं की फसल बेकार हो जाएगी।