संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. त्रिवेणी दत्त ने शनिवार को कॉलेज ऑफ हॉर्टिकल्चर का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां चल रहे शोध कार्यों का अवलोकन किया। हाईटेक नर्सरी में लौकी, खीरा, बैंगन व टमाटर उत्पादन को देखा। हाइड्रोपोनिक तकनीक से सलाद-पत्ता तथा वर्टिकल फार्मिंग से स्ट्रॉबेरी के उत्पादन का भी जायजा लिया।
कुलपति ने हर्बल गार्डन भ्रमण के दौरान अधिक औषधीय पौधों का उत्पादन बढ़ाने और किसानों को न्यूनतम दर पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। डॉ. त्रिवेणी दत्त ने कहा कि भारत में हॉर्टिकल्चर फसलों की मांग तेजी से बढ़ रही है। विविधीकरण अपनाने वाले किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि हो रही है। दिल्ली के निकट होने से सब्जी, फल-फूल की अच्छी मांग व दरें मिल रही हैं, इसलिए किसानों को इस दिशा में अधिक ध्यान देना चाहिए।
कुलपति ने बताया कि भारत बागवानी में विश्व के अग्रणी देशों में शुमार है। फल, सब्जी, फूल, मसाले व औषधीय पौधों का उत्पादन बढ़ रहा है। सीमित भूमि में अधिक उपज, कम समय में लाभ, निर्यात की अपार संभावनाएं हैं। ड्रिप सिंचाई, संरक्षित खेती व उन्नत किस्मों से गुणवत्ता में सुधार हो रहा है। यह पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करता है, ग्रामीण रोजगार बढ़ाता है और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभा रहा है।