हादसों को न्यौता दे रहा भीकुंड पुल का अधूरा संपर्क मार्ग
हस्तिनापुर। क्षेत्र की सड़कों पर बुधवार को पूरी तरह कोहरा छाया रहा। कोहरा बढ़ने से भीकुंड गंगा पुल पर चांदपुर को जोड़ने वाले अधूरे संपर्क मार्ग पर वाहन चालकों के लिए खतरा बढ़ गया है। अधूरी रोड पर पड़े रोडे़ और पत्थर कभी भी हादसे का सबब बन सकते हैं।
बुधवार को क्षेत्र में सुबह से लेकर दोपहर तक भीषण कोहरा छाया रहा। जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दिन में ही चालक वाहनों की लाइट जलाकर सड़कों पर चले। वहीं, हस्तिनापुर की ओर भीकुंड गंगा पुल पर जाने वाले अधूरे संपर्क मार्ग पर भी कोहरे के कारण सैकड़ों वाहन रेंगते नजर आए। पुल के संपर्क मार्ग पर पर्याप्त सुविधा न होने और अधूरी रोड पर पड़े पत्थर और रोड़े यहां चलने वाले राहगीरों के लिए हादसे का सबब बन रहे हैं। क्योंकि अत्यधिक कोहरा होने के कारण वाहन चालकों को दिखाई नहीं दे रहे हैं।
वहीं, सड़कों पर वाहन की गति व अन्य संकेतक भी नहीं लगाए गए हैं। मवाना और चांदपुर तहसील को जोड़ने वाले गंगा के पुल पर अभी बाहरी वाहनों का प्रवेश वर्जित है, परंतु शादी विवाह का सीजन चल रहा है, जिससे सैकड़ों छोटे वाहन इस पुल से गुजर रहे हैं। बुधवार को वाहन चालकों को पुल से गुजरने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, क्योंकि अभी पुल पर व्यवस्थित रूप से आवागमन सुचारु नहीं किया गया है। कोहरे में सफर के लिए यहां पर्याप्त सुविधाएं भी नहीं हैं, जिसके कारण भीषण कोहरा छाने पर यहां हादसे का अंदेशा बन हुआ है।